Shinzo Abe Death: चुनावी सभा में जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे की गोली मारकर हत्या
Shinzo Abe Death
भारत
चेतना मंच
08 Jul 2022 10:13 PM
Tokyo: टोक्यो। भारत के अभिन्न सहयोगी रहे जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे (Former Japanese Prime Minister Shinzo Abe) के शुक्रवार की सुबह एक हमलावर ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह वारदात उस दौरान हुई, जब वह एक चुनावी सभा को सम्बोधित कर रहे थे। पुलिस ने 42 साल के हमलावर को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का नाम यामागामी तेत्सुया बताया गया है। वह आबे की नीतियों से नाखुश था। एक रिपोर्ट में बताया गया है कि गोलियां लगने के फौरन बाद आबे गिर पड़े। उन्हें हेलिकॉप्टर से नारा मेडिकल यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल ले जाया गया। लगभग 6 घंटे तक मेडिकल टीम ने उन्हें बचाने की कोशिश की। डॉक्टरों के मुताबिक इलाज के दौरान आबे को दिल का दौरा भी पड़ा। घटना भारतीय समयानुसार सुबह 8 बजे (जापान के समय के मुताबिक सुबह 11.30) की है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने आबे के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। मोदी ने एक ट्वीट में कहा- भारत और जापान के रिश्तों और ग्लोबल पार्टनरशिप में आबे की अहम भूमिका रही। आज पूरे भारत में शोक है। इस मुश्किल वक्त में हम पूरी ताकत के साथ अपने जापानी भाई-बहनों के साथ खड़े हैं। उन्होंने शिंजो के सम्मान में कल यानी 9 जुलाई को एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा भी की। आबे पर फायरिंग उस वक्त की गई, जब वे चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान फायरिंग की आवाज आई और आबे गिर पड़े। शुरुआती रिपोर्ट्स में कहा गया कि किसी ने उन्हें सीने पर गोली मारी।बाद में ये साफ हुआ कि उन पर पीछे से फायरिंग हुई।
हमलावर यामागामी तेत्सुया को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से गन बरामद हुई है। ये किसी टीवी कैमरे की तरह नजर आती है। जापानी मीडिया के मुताबिक, हमलावर ने हैंडमेड गन का इस्तेमाल किया। वो मेरीटाइम सेल्फ डिफेंस फोर्स का मेंबर था। जापानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गोली लगने के बाद शिंजो को दिल का दौरा भी पड़ा। हालांकि, अभी इसके बारे में आधिकारिक बयान नहीं आया है। चश्मदीदों के मुताबिक, मौके पर गोली चलने की आवाज सुनाई दी और आबे के शरीर से खून बहता दिखा।
जापान में रविवार को उच्च सदन के चुनाव होने हैं। शिंजो इसके लिए कैंपेनिंग कर रहे थे। सड़क पर एक छोटी सी सभा थी, जिसमें 100 से ज्यादा लोग शामिल थे। जब आबे भाषण देने आए तो पीछे से एक हमलावर ने गोली चलाई। जो वीडियो सामने आ रहे हैं, उनमें हमले के बाद धुंआ दिखाई दिया। इसके बाद अफरा-तफरी मच गई। शिंजो आबे पर हमला करने के बाद हमलावर ने भागने की कोशिश की। हालांकि, मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने उसे पकड़ लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
67 साल के शिंजो लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (LDP) से जुड़े हैं। 2006 से 07 के दौरान प्रधानमंत्री रहे। इसके बाद, 2012 से 2020 तक 8 साल तक प्रधानमंत्री रहे। उनके नाम सबसे लंबे समय (9 साल) तक PM पद पर रहने का रिकॉर्ड है। इससे पहले यह रिकॉर्ड उनके चाचा इसाकु सैतो के नाम था। आबे को एक आक्रामक नेता माना जाता है। शिंजो को आंत से जुड़ी बीमारी अल्सरट्रेटिव कोलाइटिस थी, इसकी वजह से उन्हें 2007 में प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था। मोदी के साथ आबे के अच्छे संबंध रहे। उनकी गुजरात और बनारस यात्रा काफी चर्चित रही। 25 जनवरी 2021 को भारत ने आबे को पद्म विभूषण से सम्मानित किया था।