Google के doodle में शिवाजी गणेशन, जयंती के अवसर पर जाने इन से जुड़ी कुछ खास बातें
Shivaji Ganeshan (PC-Google homepage)
भारत
सुप्रिया श्रीवास्तव
01 Oct 2021 08:54 AM
Shivaji Ganeshan- आज यानी 1 अक्टूबर को तमिल फिल्मों के धाकड़ अभिनेता रह चुके शिवाजी गणेशन की जयंती है। इनकी जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए गूगल (Google) ने अपना डूडल बदल दिया है। इस खास अवसर पर गूगल के डूडल में शिवाजी गणेशन की फोटो शामिल की गई है।
शिवाजी गणेशन (Shivaji Ganeshan) का संक्षिप्त जीवन परिचय-
इनका जन्म 1 अक्टूबर 1928 को सुरकोत्ताई, तमिलनाडु में हुआ था।बचपन में इन्हें गणेश मूर्ति के नाम से जाना जाता था। इन्हें एक्टिंग का बेहद शौक था इसीलिए मात्र 7 साल की अवस्था में इन्होंने थिएटर में सम्मिलित होने के लिए अपना घर छोड़ दिया। सन 1945 में इन्होंने “शिवाजी कांडा हिंदू राज्यम” नामक नाटक में शिवाजी की भूमिका निभाई। इस किरदार को उन्होंने इतना बखूबी निभाया की इसके बाद से इन्हें शिवाजी के नाम से ही जाना जाने लगा। और इस तरह इनका नाम बन गया शिवाजी गणेशन।
तमिल अभिनेता शिवाजी गणेशन (Shivaji Ganeshan) ने साल 1952 में तमिल फिल्म 'पराशक्ति' से अपने कैरियर की शुरुआत की। इन्होंने अपने कैरियर में 300 से भी अधिक फिल्मों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। तमिल फिल्मों के अलावा इन्होंने तेलुगु, कन्नड़, मलयालम वह हिंदी फिल्मों में भी काम किया। यह अपने समय के एक जाने-माने अभिनेता हुआ करते थे। इन्हें इनकी दमदार एक्टिंग और बेहतरीन आवाज के लिए जाना जाता था। फिल्मों में काम करने के अलावा यह राजनीति में भी सक्रिय थे। 21 जुलाई 2001 में इनका निधन हो गया
पुरस्कार व उपलब्धियां-
पांच दशक के कैरियर में शिवाजी गणेशन (Shivaji Ganeshan) ने कई पुरस्कार अपने नाम किए। इसके साथ ही ये एफ्रो-एशियन फिल्म फेस्टिवल में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार जीतने वाले पहले भारतीय बने। लॉस एंजिल्स टाइम्स ने इनकी तुलना दक्षिण भारत के फिल्म उद्योग के मार्लन ब्रैंडो के रूप में की।
आज इनकी 93 वीं जयंती है। इस अवसर को खास बनाने के लिए गूगल (Google) के डूडल में इनकी तस्वीर शामिल की गई है। इसको नूपुर राजेश चौकसी ने बनाया है जो कि बेंगलुरु की आर्टिस्ट हैं।