
sports news : क्रिकेट के पुराने दिग्गज जल्द ही आपको फिर से चौके और छक्के लगाते नजर आएंगे। (sports news) इसके लिए तैयारी शुरु कर दी गई है। रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज (RSWS) के तहत यह दिग्गज खेल के मैदान में नजर आएंगे। एक ऐसी सीरीज है जहां पर खेल के पुराने सितारों को फिर से मैदान पर देखते हैं।
आपको बता दें कि रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज ने ऐसे ही दिग्गज अपने जीवन की दूसरी पारी में मैदान पर खुद को साबित करने के लिए एक मंच दिया है। सचिन तेंदुलकर, ब्रायन लारा, जोंटी रोड्स, हर्शल गिब्स, वीरेंद्र सहवाग, आदि जैसे प्रसिद्ध खिलाड़ी लीग के पहले सीजन में नजर आ चुके हैं। इस बीच, यह आधिकारिक तौर पर पुष्टि की गई है कि RSWS 2022 में भी होने जा रही है। एक समय पर, इस टूर्नामेंट का भविष्य धूमिल दिख रहा था, लेकिन अब, सभी अटकलों पर विराम लग गया है और प्रतियोगिता का दूसरा संस्करण फरवरी के अंतिम सप्ताह से मार्च तक चलेगा।
एक खेल वेबसाइट के अनुसार आयोजक भारत के कम से कम चार शहरों - हैदराबाद, विशाखापत्तनम, लखनऊ और इंदौर में रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज के दूसरे संस्करण को आयोजित करने के लिए तैयारी कर रहे हैं। अभी समय निर्धारित नहीं हुआ है, लेकिन अगले कुछ महीनों में दिग्गजों को फिर से एक्शन में देखने की उम्मीद की जा सकती है। इन शहरों में आयोजक और स्थानीय प्रशासन देश में मौजूदा कोविड हालातों पर कड़ी नजर रख रहे हैं ताकि यह तय किया जा सके कि मैच के दौरान स्टेडियम में दर्शकों को अनुमति दी जा सकती है या नहीं। उस समय की स्थिति के आधार पर ही अंतिम फैसला बाद में किया जाएगा।
आपको बता दें कि लीग के पहले संस्करण में भारत, श्रीलंका, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के रिटायर क्रिकेटर खेले थे। टी20 प्रारूप में खेले जाने वाले क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन पुरानी यादों को ताजा करने के अलावा सड़क सुरक्षा पर जागरूकता फैलाने के लिए किया गया है। सचिन तेंदुलकर की अगुवाई वाली इंडिया लीजेंड्स को पिछले साल रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज के चैंपियन का ताज पहनाया गया था। हालांकि यह देखा जाना बाकी है कि क्या सचिन इस संस्करण में शामिल होंगे क्योंकि हाल ही में उनके टूर्नामेंट में नहीं खेलने की खबरें सामने आई थीं। तेंदुलकर लीजेंड लीग क्रिकेट में भी नहीं नजर आए थे।