Lucknow: लखनऊ। राजधानी के अमौसी एयरपोर्ट पर एक पिता हाथ जोड़कर अपनी बेटी को घर चलने के लिए कहता रहा, लेकिन लड़की का दिल नहीं पसीजा। वह अपने प्रेमी के साथ जाने पर अड़ी रही। आखिर, बाराबंकी की जैदपुर पुलिस दोनों को अपनी कस्टडी में ले गई। लड़के का नाम फहीम है। लड़की हिंदू और 10वीं कक्षा की छात्रा है। दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात कही जा रही है।
ये पूरा मामला बाराबंकी के जैदपुर से जुड़ा है। यहां रहने वाले फहीम का हिंदू लड़की से प्रेम प्रसंग था। लड़की 10वीं की छात्रा है। 6 दिन पहले लड़की के पिता ने जैदपुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। उसमें फहीम पर लड़की को भगा ले जाने के आरोप लगाए गए थे। पुलिस और परिवार के लोग दोनों को ढूंढ रहे थे। उन्हें खबर मिली कि दोनों मुंबई में छिपे हुए हैं और लखनऊ आ रहे हैं। मुंबई में फहीम की रिश्तेदारी है। इस सूचना के बाद पुलिस ने घेराबंदी की। परिवार के लोग अमौसी एयरपोर्ट पहुंचे। सोमवार की शाम लड़का और लड़की दोनों दिख गए। परिजनों ने उन्हें पकड़ भी लिया। इसके बाद ड्रामा शुरू हो गया, क्योंकि लड़की अपने परिवार के साथ जाने को तैयार नहीं थी।
लड़की के पिता का कहना था कि ये नाबालिग है। हालांकि, लड़की खुद को 19 साल की बता रही थी। लड़की अपने परिवार के साथ एयरपोर्ट की प्राइवेट सिक्योरिटी से भी भिड़ गई। लड़की के पिता ने कहा कि फहीम ने मेरी बेटी को बातों में फंसाकर निकाह कर लिया। बेटी का ब्रेन वॉश कर दिया। जो बेटी बिना पूछे कोई काम नहीं करती थी, वो आज पैर पड़ने के बाद भी मेरे साथ नहीं जाना चाहती है। उस लड़के के साथ जाने की जिद कर रही है। एयरपोर्ट पर पिता के हाथ जोड़कर रोने का वीडियो वहां मौजूद लोगों ने ही बनाया।
एयरपोर्ट से फहीम और छात्रा को जैदपुर पुलिस अपनी कस्टडी में ले गई। सरोजनी नगर पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। अब लड़की की सुपुर्दगी के लिए उसकी उम्र का पता लगाया जाएगा। लड़की के पिता का कहना है कि मेरी बेटी का मेडिकल करवाया जाए। इससे साफ हो जाएगा कि वह नाबालिग है। नियम ये है कि नाबालिग लड़की के कोर्ट में बयान मान्य नहीं होते हैं। उसकी कस्टडी परिवार को दी जाती है।