Tokyo Paralympic 2020- DM सुहास ने फाइनल में बनाई जगह, एक और पदक हुआ पक्का
भारत
RP Raghuvanshi
04 Sep 2021 12:50 PM
टोक्यो पैरालंपिक में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। आज सुबह की शुरुआत बहुत ही बेहतरीन हुई है। शूटिंग में मनीष नरवाल ने स्वर्ण पदक जीत लिया है। वहीं इसी प्रतियोगिता में सिंह राज ने सिल्वर मेडल जीता है। अब एक और खुशखबरी सामने आई है। नोएडा के डीएम सुहास एल यथिराज ने पैरालंपिक में अपना मेडल पक्का कर लिया है।
बैडमिंटन की SL4 कैटेगरी में सुहास ने सेमीफाइनल जीत कर फाइनल में अपनी जगह बना ली है। अब बैडमिंटन की sl4 कैटेगरी में एक मेडल मिलना पक्का हो गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि सुहास इस प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल लाने में सफल होंगे।
भारत ने टोक्यो पैरालंपिक 2020 में कुल 15 मेडल जीत लिए हैं। जिनमें से तीन स्वर्ण पदक है। भारत को पहला स्वर्ण पदक अवनी लखेरा ने शूटिंग में दिलाया था। वही दूसरा स्वर्ण पदक सुमित अंतिल को जैवलिन थ्रो में मिला था। मनीष ने शूटिंग में दूसरा गोल्ड मेडल दिला दिया है। उम्मीद की जा रही है कि सुहास भी देश के लिए एक स्वर्ण पदक जीतने में सफल होंगे।