
UP assembly elections : उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। निर्वाचन आयोग द्वारा समय सारिणी भी जारी कर दी है। उत्तर प्रदेश में कुल निर्वाचित विधानसभा सीट 403 है। लेकिन क्या आपको पता है कि उत्तर प्रदेश की नंबर वन विधानसभा सीट हैं। आपको बताते हैं कि उत्तर प्रदेश के पहले नंबर की विधानसभा सीट बेहट है। यह सीट उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद में पड़ती है। यह विधानसभा क्षेत्र शिवालिक पर्वत माला से घिरा है और अधिकांश क्षेत्र बाढ़ प्रभावित है।
वर्ष 2017 में चुनाव अभियान की शुरुआत करने के लिए भाजपा ने इसी क्षेत्र को चुना था, क्योंकि यहां पर मां शाकंभरी देवी की सिद्धपीठ है। भाजपा के अमित शाह और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने 2017 के विधानसभा चुनाव के लिए यहीं से अपनी विजय यात्रा की शुरुआत की थी। इस सीट पर 2017 में भारतीय राष्ट्रीय काँग्रेस के प्रत्याशी नरेश सैनी ने जीत दर्ज की थी। इस बार बेहट विधानसभा सीट के परिणाम किस पार्टी के पक्ष में होंगे, यह जनता को तय करना है। 2017 में बेहट में कुल 38.42 प्रतिशत वोट पड़े थे। 2017 में भारतीय राष्ट्रीय काँग्रेस से नरेश सैनी ने भारतीय जनता पार्टी के महावीर सिंह राणा को 25586 वोटों से हराया था। बेहट विधानसभा सीट सहारनपुर संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आती है। जहां से बसपा के हाजी फजलु रहमान सांसद हैं, जिन्होंने भाजपा के राघव लखनपाल को 22417 वोटों से हराया था।
बाढ़ एक विकट समस्या
बेहट विधानसभा सीट बाढ़ प्रभावित सीट है। बरसात के समय में इस सीट के अंतर्गत आने वाले कई गांवों का संपर्क मुख्य मार्ग से कट जाता है। बरसाती नदियों में तेज बहाव के कारण आसपास के क्षेत्र में कटान एक प्रमुख समस्या है, लेकिन आम जनता की इस समस्या की ओर किसी भी विधायक ने ध्यान देना मुनासिब नहीं समझा। ऐसे में इस बार के चुनाव में भी यह मुख्य मुद्दा बन सकता है। हालांकि मौजूदा विधायक नरेश सैनी ने इस क्षेत्र में बाढ़ से बचाव के लिए नदियों के किनारे तटबंध बनवाए हैं। साथ ही कई नदियों पर पुल भी सैनी के कार्यकाल में बने हैं। बावजूद इसके बाढ़ से निजात के लिए अभी तक कोई मुकम्मल व्यवस्था नहीं हो पाई है।
वोट गणित
इस सीट पर अगर 17वीं विधानसभा चुनाव-2017 के आंकड़ों की बात करें तो कुल मतदाताओं की संख्या 3 लाख 36 हजार 576 है। इसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 1 लाख 79 हजार 920, महिला मतदाताओं की संख्या 1 लाख 56 हजार 649 और थर्ड जेंडर के 7 मतदाता हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में इस सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार नरेश सैनी ने जीत हासिल की है। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार महावीर सिंह राणा को 25 हजार 856 वोटों से हराया था। नरेश सैनी को 97 हजार 35 वोट जबकि महावीर सिंह राणा को 71 हजार 449 वोट मिले थे। वहीं बीएसपी के मोहम्मद इकबाल 71 हजार 19 वोट के साथ तीसरे स्थान पर रहे थे।
मतदान की तारीख: सोमवार, 14 फरवरी 2022 मतगणना की तारीख: गुरुवार, 10 मार्च 2022