UP Election: जेवर सीट पर ‘धनबली’ का भारी विरोध, ड्रामेबाजी बता रही जनता
भारत
चेतना मंच
18 Jan 2022 08:13 PM
UP Election 2022: जेवर। जेवर एयरपोर्ट (Jewar Airport) के कारण वीआईपी सीट की श्रेणी में शामिल जेवर विधानसभा सीट (Jewar Assembly Seat) पर ‘धनबली’ प्रत्याशी के नाम से चर्चित राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के प्रत्याशी अवतार सिंह भड़ाना (Avtar Singh Bhadana) का विरोध लगातार जारी है। यह विरोध उनके यहां से प्रत्याशी घोषित होते ही शुरू हो गया था।
सब जानते हैं कि अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट के शिलान्यास के कारण जेवर क्षेत्र (Jewar Assembly Seat) पर देश भर की नजर है। विधानसभा क्षेत्र के चुनाव (UP Election 2022) में इस विधानसभा क्षेत्र को वीआईपी क्षेत्र के तौर पर देखा जा रहा है। इस क्षेत्र में जैसे-जैसे चुनाव आगे बढ़ रहा है, वैसे ही वैसे राष्ट्रीय लोकदल के प्रत्याशी अवतार सिंह भड़ाना (Avtar Singh Bhadana) का विरोध भी बढ़ता जा रहा है। क्षेत्र के अधिकतर नागरिक भड़ाना व उनके समर्थकों से सवाल कर रहे हैं कि जो नेता अब तक आधा दर्जन क्षेत्रों से पलायन कर चुका हो उस पर भरोसा कैसे किया जा सकता है?
UP Election: पंचायत चुनाव में ही हो गया था इशारा, यूपी में कौन सा दल बना रहा सरकार
अवतार सिंह भड़ाना (Avtar Singh Bhadana) क्षेत्र में जहां भी वोट मांगने जा रहे हैं, वहीं उनके सामने इस प्रकार के अनेक सवालों की झड़ी लग जाती है। क्षेत्र पर पैनी नजर रखने वाले विश्लेषकों का दावा है कि भड़ाना को अपने दल के अंदर से भी विरोध झेलना पड़ रहा है। साथ ही सहयोगी दल समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के अधिकतर नेता भी उनके विरूद्ध अभियान चला रहे हैं।
विश्लेषकों का स्पष्ट मत है कि भड़ाना क्षेत्र की जनता का व्यापक विरोध, अपने दल का अंदरूनी विरोध तथा सहयोगी दलों के नेताओं के विरोध की परवाह किए बिना अपने साधनों व चुनावी प्रबंधन के बल पर चुनाव जीतने का दावा कर रहे हैं। अब तक के चुनावों में अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर उडनखटोले (हैलीकाप्टर) से प्रचार करने वाले अवतार सिंह भड़ाना अब ट्रैक्टर की सवारी करते हुए नजर आ रहे हैं।
UP Elections नहाते हुए व्यक्ति से बोले विधायक, आपका आशीर्वाद चाहिए और फिर…
जेवर कस्बे के रहने वाले सतबीर चौधरी बताते हैं कि भड़ाना ड्रामेबाजी में बहुत माहिर हैं। उनकी ड्रामेबाजी के किस्से उनके क्षेत्र में आने से पहले ही यहां आ चुके थे। चौधरी दावा करते हैं कि जेवर में भाजपा, बसपा व कांग्रेस में कांटे की टक्कर नजर आ रही है। राष्ट्रीय लोकदल चौथे नंबर पर रहेगा।
दनकौर निवासी चौधरी अरूण सिंह कहते हैं कि जेवर की जनता बेहद जागरूक है। उन्हें पता है कि चुनाव जीतकर गायब हो जाने वाले नेता को वोट देकर अपनी वोट की ताकत को बबार्द नहीं करना है। सिंह तो यहां तक कहते हैं कि जेवर में एक भी प्रमुख नेता या कार्यकर्ता श्री भड़ाना के साथ नहीं है। श्री भड़ाना वोट मांगने वाले भी बाहर से ही लेकर आ रहे हैं।