UP Election 2022 : उत्तर प्रदेश में (UP Election 2022) दूसरे चरण का मतदान हो रहा है। 9 जिलों की 55 सीटों पर मतदान चल है, ऐसे में नेताओं ने सोशल मीडिया पर लोगों से वोट की अपील की है। पीएम मोदी ने लोकतंत्र के पावन पर्व पर मतदान का नया रिकॉर्ड बनाने की अपील की है। वहीं, राष्ट्रीय लोकदल प्रमुख जयंत चौधरी, बसपा प्रमुख मायावती के अलावा अन्य दलों के नेता भी सोशल मीडिया के माध्यम से अलग अलग तरह से बयान देकर मतदाताओं को वोट देने को कह रहे हैं।
समाजवादी पार्टी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि युवाओं! वोट देते वक्त लाठी याद रखना, जब तुम नौकरी मांग रहे थे तो आदित्यनाथ की सरकार तुम्हें लाठी मार रही थी। रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने मतदाताओं से अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील की है। वैलेंटाइन डे पर हो रही वोटिंग को लेकर जयंत ने मतदाताओं से अपील की है कि वे प्यार और सौहार्द के लिए वोट करें।
पीएम नरेंद्र मोदी ने वोट की अपील की है। उन्होंने कहा, 'उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दूसरे दौर के साथ ही आज उत्तराखंड और गोवा की सभी विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग है। सभी मतदाताओं से मेरी विनती है कि वे लोकतंत्र के इस पावन उत्सव के भागीदार बनें। मतदान का नया रिकॉर्ड बनाएं। याद रखें-पहले मतदान, फिर अन्य कोई काम'!
दूसरे चरण के मतदान के बीच सीएम योगी आदित्यनाथ ने ANI न्यूज एजेंसी को इंटरव्यू दिया। सीएम योगी ने कहा कि पहले चरण के मतदान के बाद साफ है कि BJP ही सरकार बनाएगी। पहले चरण के मतदान के बाद वोटर्स ने अखिलेश-जयंत को ठंडा कर दिया है। सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका प्रयास मिशन पर काम कर रही है। ये नया भारत संविधान से चलेगा, शरीयत से नहीं। कयामत के दिन तक गजवा-ए-हिंद का सपना साकार नहीं होगा।
समाजवादी पार्टी ने सोशल मीडिया पर युवाओं को बेरोजगारी की याद दिलाई है। सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर लिखा, 'युवाओं! वोट देते समय लाठी याद रखना। जब तुम नौकरी मांग रहे थे तो आदित्यनाथ की सरकार तुम्हें लाठी मार रही थी। भाजपा के लाठीराज, बेरोजगारीराज, गुंडाराज, पुलिसियाराज, महंगाईराज, लूटराज और भ्रष्टाचार राज से मुक्ति पाने के लिए हर एक वोट #नहीं_चाहिए_भाजपा... के संकल्प के साथ पड़ना चाहिए!'
बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा कि अपने जान-माल, इज्जत-आबरू की तरह अपने वोट की भी रक्षा कीजिए। सभी प्रकार के लालच और भय से मुक्त होकर वोट डालने के संवैधानिक हक का इस्तेमाल कीजिए। आप सबका एक-एक वोट देश के संविधान और इसके लोकतंत्र की असली ताकत है। आपके इस प्रयास में BSP हमेशा आपके साथ खड़ी है।