UP Elections 2022: यूपी चुनाव में कौन जीतेगा-कौन हारेगा? यहां इस पर जमकर हो रही है सट्टेबाजी
भारत
चेतना मंच
22 Feb 2022 08:07 PM
UP Elections 2022: नोएडा। व्यवसायीकरण के इस दौर में हर शख्स लाभ का सौदा कहीं न कहीं तलाश ही लेता है। बात चाहे खेल की हो या सियासत की। हार-जीत की बाजी अब हवा में नहीं बल्कि सट्टा लगाकर की जा रही है। अब उप्र में हो रहे विधानसभा चुनाव को ही ले लें। इसमें भी लोग अब अपने-अपने प्रत्याशी को लेकर बेवजह बहस करने के बजाए हार-जीत की बाजी लगाकर अपना दावा कर रहे हैं।
जहां चुनाव (UP Elections 2022) हो चुके हैं वहां विभिन्न राजनीतिक समर्थकों तथा कार्यकर्ताओं के बीच हजारों तथा लाखों रूपये की बाजी लग रही है। अब हार-जीत की बाजी हवा में नहीं बल्कि लिखित में इकरारनामा करके हो रही है।
कहीं कहीं तो बाकायदा पीडीसी (पोस्ट डेटिड चेक) के जरिए बाजी लगाई जा रही है। इसका ताजा उदाहरण हाल ही में लोनी विधानसभा क्षेत्र में देखने को मिला। जहां भाजपा प्रत्याशी व पूर्व विधायक नंद किशोर गुर्जर तथा सपा-रालोद प्रत्याशी मदन भैया के समर्थकों में 10 रूपये के हलफनामे पर चुनाव की हार-जीत को लेकर इकरारनामा भी किया गया।
गौतमबुद्धनगर के नोएडा, दादरी तथा जेवर विधानसभा क्षेत्र (Noida, Dadri and Jewar Assembly Constituencies) में भी प्रत्याशियों की हार-जीत को लेकर जमकर सट्टेबाजी चल रही है। खास बात यह है कि तीनों विधानसभा क्षेत्रों में यह सट्टेबाजी सिर्फ भाजपा व सपा-रालोद गठबंधन के नेताओं तथा समर्थकों के बीच ही प्रमुखता से चल रही है। नोएडा में यह सट्टेबाजी जेवर तथा दादरी विधानसभाओं के मुकाबले कम है। हालांकि 10 मार्च को चुनाव परिणाम आने हैं। लेकिन अभी भी तीनों विधानसभा क्षेत्रों में सट्टेबाजी का दौर थमता नजर नहीं आ रहा है।