UP News- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया राष्ट्रीय पोषण माह 2021 का शुभारंभ
भारत
चेतना मंच
07 Sep 2021 05:52 PM
हेल्थ न्यूज- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को 'यदि मां कुपोषित रहेगी, तो बच्चा सुपोषित नहीं होगा' को ध्यान में रखते हुए, साल 2018 में सितंबर महीने को पोषण माह के रूप में मनाए जाने की शुरुआत हुई। सितंबर महीने को राष्ट्रीय पोषण माह के रूप में मनाए जाने के पीछे का उद्देश्य है किशोरियों एवं महिलाओं के पोषण के स्तर में सुधार करना।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राष्ट्रीय पोषण माह 2021 का राजधानी लखनऊ में शुभारंभ किया। राष्ट्रीय पोषण माह 2021 के अंतर्गत बच्चों के चिन्हांकन एवं अनुश्रवण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पोषण सम्बन्धी सामग्री व अनुपूरक पुष्टाहार आदि का वितरण किया जाएगा। किशोरी बालिकाओं, महिलाओं तथा बच्चों को केन्द्रित करते हुए योग सत्रों का आयोजन किया जाएगा।
राष्ट्रीय पोषण माह के शुभारंभ के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कई विषयों पर चर्चा की। उन्होंने प्रदेश में तेजी से हो रहे कोरोना के वैक्सीनेशन के बारे में बात की। इसके साथ ही आशा वर्कर और आंगनबाड़ी की कार्यकत्रियों के बेहतर काम की सराहना करते हुए उनकी पिछले बकाया राशियों का भुगतान करने और मानदेय बढ़ाने की बात की।
इसके साथ ही योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ मातो स्वस्थ बच्चे विजन की सराहना करते हुए कहा कि, प्रधानमंत्री के इस विजन के बेहद सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहे हैं।