Azamgarh: आजमगढ़। यूपी के पूर्वांचल में बसे आजमगढ़ जिले में सामाजिक और सांप्रदायिक सौहार्द की अनूठी मिसाल देखने को मिली। यहां एक हिंदू लड़के और मुस्लिम लड़की ने मंदिर में सात फेरे लेकर सात जन्मों तक साथ निभाने का वादा किया। खानपुर फतेह के रहने वाले सूरज और हैदरपुर खास गांव की रहने वाली मोमिन के बीच बीते दो वर्षों से अफेयर था। दोनों ने गुरुवार को मंदिर में फेरे लेकर शादी की। लड़की के घरवालों ने पहले ऐतराज किया, हालांकि बाद में वो लोग भी तैयार हो गए।
सम्मो माता के मंदिर में दोनों ने हिंदू रीति-रिवाज से शादी की। मुस्लिम युवती मोमिन ने हिंदू धर्म अपनाते हुए सूरज के गले में वरमाला डाली। परिजनों ने दोनों को आशीर्वाद दिया। सूरज ने बताया कि शादी परिवारवालों की रजामंदी से हुई है। इसमें किसी का कोई दबाव नहीं था। युवती मोमिन का कहना है कि हम लोग दो साल से एक दूसरे से प्रेम करते हैं। हम लोगों ने गुरुवार को शादी की है। हम लोग खुश रहना चाहते हैं।
विश्व हिंदू परिषद के गौरव सिंह का कहना है कि मुस्लिम समाज की बेटी ने हिंदू लड़के से शादी की है। ऐसी बहनें जो सनातन धर्म स्वीकार करती हैं, उनका हम लोग स्वागत करते हैं।