UP News : कोविड की लहर के चलते बड़ी रैलियां हो रद्द:कांग्रेस
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 06:50 AM
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुशील चंद्रा को पत्र लिखकर बड़ी चुनावी रैलियों को रद्द करने की मांग की है साथ ही प्रधानमंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा चुनावी रैलियों में किए जा रहे सरकारी खर्च पर भी अंकुश लगाने की मांग की है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने इस संबंध में मुख्य निर्वाचन आयुक्त को एक पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने कहा है कि राजनीतिक दलों को छोटी सभाएं जैसे चौपाल, नुक्कड़ सभा, वर्चुअल मीटिंग, डोर टू डोर, कैंपेन व अन्य ऐसे आयोजन करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए जिससे कोविड-19 संक्रमण फैलने की संभावना कम हो। साथ ही उन्होंने कोरोना की संभावित तीसरी लहर को देखते हुए बड़ी चुनावी रैलियों को रद्द करने की मांग की है। पत्र में उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री चुनाव करीब होने के चलते उत्तर प्रदेश में कई बड़ी-बड़ी रैलियों के जरिए उद्घाटन आदि कर रहे हैं। इन उद्घाटनओं में सरकारी पैसे एवं सरकारी तंत्र का इस्तेमाल किया जा रहा है। लेकिन यह उद्घाटन कार्यक्रम किसी परियोजना की शुरुआत करने की बजाय भाजपा के प्रचार का मंच बन गए हैं प्रधानमंत्री संवैधानिक दायरे से बाहर जाकर इन मंचों से राजनीतिक टिप्पणियां करते हैं और यहां तक कि प्रधानमंत्री का आधिकारिक ट्विटर हैंडल भी राजनीतिक छींटाकशी का माध्यम बन गया है। उन्होंने चुनाव आयोग से इस मामले में हस्तक्षेप करने और राजनीतिक छींटाकशी पर रोक लगाने की मांग की है साथ ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री व उप मुख्यमंत्री द्वारा सरकारी खर्च व सरकारी तंत्र का इस्तेमाल रैलियों में किए जाने पर अंकुश लगाने की मांग की है।