बैंक अकाउंट में 31 अरब रुपये आने के सवाल पर बिहारीलाल की पत्नी सरिता हंस पड़ीं। मगर, उनके चेहरे पर रुपये लौटने का दुख भी था। दुख को छिपाते हुए कहती हैं, जब पता चला कि इतने ज्यादा रुपये आ गए हैं तो मेरे दिमाग में बस यही बात थी कि मैं अपना एक अच्छा सा घर बना लूं। बेटी सयानी हो गई है, उसकी शादी करवा दूं और बेटे को कुछ काम-धंधा करवा दूंगी। लेकिन, अगले दिन ही यह सपना टूट गया। ये (पति बिहारीलाल) पिछले 20 साल से मजदूरी करने राजस्थान जाते हैं। पीने-खाने की भी आदत है। 5 बेटियां हैं और दो बेटे हैं। बड़ा बेटा कुछ करता नहीं है। कभी कभी तो खाना भी ढंग से नसीब नहीं होता है। यही वजह है कि मैं सपने संजोने लगी थी।
खाते में 31 अरब रुपये आने के बाद बिहारीलाल का खाता सील कर दिया गया है। अब उससे रह रहकर कुछ रुपये भी कट रहे हैं। बिहारीलाल कहते हैं, मेरे खाते में रुपये आए थे। उसमें से कुछ हमें तो दे देते। यह बात मैं बैंक अधिकारियों से पूछूंगा।
बैंक ऑफ इंडिया के बैंक मैनेजर वीरेश चंद्र पाल बताते हैं कि यह भ्रामक खबर है। मैंने उसका एकाउंट चेक किया है। उसमें मात्र 126 रुपये हैं। यह बिहारीलाल को भ्रमित कर बैंक के प्रति गलत अफवाह फैलाई गई है। जो स्क्रीन शॉट वह दिखा रहा है। वह गलत है। मेरे बैंक का स्क्रीन शॉट अलग है। यह बैंक मित्र की गलती है। उसका विनय कुमार नाम है। उसके खिलाफ हम कार्रवाई करेंगे। बिहारीलाल के खाते में बीते दिनों 2 हजार रुपये ही आए हैं। वह भी प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना के हैं।