
UP News : उत्तर प्रदेश (UP News) के हमीरपुर में केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर विभाग की टीम ने एक गुटखा व्यवसाई के मकान एवं फैक्ट्री में करीब 18 घंटे की छापेमारी करने के बाद 6 करोड़ 31 लाख से अधिक की नकदी बरामद की है। बरामद नकदी को भारतीय स्टेट बैंक हमीरपुर के सुपुर्द कर दिया गया है। टीम ने नोट गिनने के लिए स्टेट बैंक हमीरपुर की मशीनें तथा कर्मियों का सहयोग लिया। नोट गिनने के साथ ही टीम बगैर कुछ बताएं यहां से रवाना हो गई।
मामला मंगलवार की सुबह 6 बजे का है। कानपुर से पांच गाड़ियों में आई सीजीएसटी की टीम ने कस्बे की पुरानी गल्ला मंडी में गुटखा व्यवसाई जगत गुप्ता के आवास एवं फैक्ट्री में छापा मारा था। टीम के आने पर व्यवसाई ने आवास का गेट खोलने में आनाकानी की थी। लेकिन टीम ने जब कड़ा रुख अख्तियार किया तो कारोबारी ने आवास का गेट खोल दिया। गेट खुलते ही टीम फैक्ट्री और आवास में चारों तरफ फैल गए और कारोबारी के तीन मंजिला मकान के सबसे नीचे तलघर में गुटखा फैक्ट्री लगी हुई है। ऊपर के दो मंजिलों में आवास है।
>> Coal Crisis 2022 इन राज्यों में जल्द शुरु हो सकती है बिजली कटौती, ये है वजहटीम ने नीचे से ऊपर तक कोना कोना खंगाला। बताया जाता है कि गुटखा व्यवसाई के बेडरूम के गद्दों के नीचे तथा अलमारी से 6 करोड 31 लाख से अधिक की नकदी के साथ सोना आदि बरामद हुआ है। टीम सुबह 6 बजे से रात साढे ग्यारह बजे तक यहां मौजूद रही। नगदी ज्यादा मिलने पर शाम को मुख्यालय से स्टेट बैंक की तीन मशीनों के साथ बैंक कर्मियों को लाकर बरामद नकदी की गिनती कराई गई। बताते हैं कि नकदी में बड़े नोटों के साथ छोटे नोट भी भारी मात्रा में शामिल थे। इस वजह से गिनती में काफी समय लगा।
चर्चा है कि करीब साढ़े छह करोड़ रुपए के साथ बड़ी मात्रा में सोना बरामद किया गया है। नोटों को टीम ने तीन बड़े बक्सों में भरकर हमीरपुर एसबीआई के अधिकारियों को सौंपा है। टीम इसके अलावा महत्वपूर्ण दस्तावेजों के साथ लैपटॉप आदि सामग्री को बरामद कर के ले गई। इनमें बैंक पासबुक, बांड, शेयर प्रपत्र व प्रॉपर्टी के कागजात आदि बताए जा रहे हैं।
टीम के डिप्टी कमिश्नर बृजेंद्र कुमार मीणा ने मीडिया को बताया कि गुटखा व्यवसाई की आवास एवं फैक्ट्री से टैक्स चोरी संबंधित तमाम खामियां मिली हैं। साथ ही भारी मात्रा में नकदी व जेवरात सहित अन्य सामग्री प्राप्त हुई है। कहा कि बरामदगी का खुलासा कानपुर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट द्वारा किया जाएगा। टीम जांच पड़ताल का कार्य पूर्ण कर चुकी है।
भारी मात्रा में नकदी सहित अन्य सामग्री बरामद होने के बाद सीजीएसटी टीम गुटखा व्यवसाई के खिलाफ टैक्स चोरी का मुकदमा दर्ज करके गिरफ्तार कर सकती है। यह कदम दस्तावेजों के मिलान के बाद टीम उठा सकती है। चर्चा है कि टीम को भारी मात्रा में सुपारी तंबाकू आदि के प्रपत्र कारोबारी की आवास से प्राप्त हुए है। कहां- कहां जाता है, कितना माल तैयार होता है, इसके भी महत्वपूर्ण दस्तावेज हाथ लगे हैं। इन दस्तावेजों के मिलान के उपरांत टैक्स चोरी का मामला बनाकर व्यापारी के खिलाफ कार्यवाही कर सकती है।