Delhi NCR Crime News : युवाओं की जिंदगी में जहर घोल रही है विषकन्या
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 03:13 AM
Noida : नोएडा। आपने सड़क किनारे अक्सर एक बोर्ड देखा होगा, जिस पर लिखा होता है- सावधानी हटी, दुर्घटना घटी। जिंदगी की भागमभाग में हर कोई ‘आराम’ और ‘अपनापन’ की चाहत रखता है। लेकिन, आराम के बीच ‘विषकन्या’ की एंट्री हो जाए तो जिंदगी में जहर घुलना तय हो जाता है। ऐसा की कुछ इन दिनों नोएडा में हो रहा है। इस पर आसानी से यकीन नहीं होगा, लेकिन यह सच आजकल शहर की सड़कों पर नुमाया है। नोएडा समेत एनसीआर में एक ऐसी ही विषकन्या घूम रही है, जिसके एक-दो नहीं, पूरे पांच पति हैं। विषकन्या ने शादी करके युवकों को बलात्कार के केस में फंसाने की धमकी देकर उनका सब कुछ लूटकर बर्बाद करने का गिरोह चला रखा है। पुलिस इस गिरोह के सारे कारनामे को जानती है। नोएडा के ही एक थाने में उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज है, फिर भी कार्रवाई नहीं करती है। आरोप है कि पुलिस भी विषकन्या के ‘दहेज से माल’ खा रही है।
लव, सेक्स और धोखे की आपने बहुत सी कहानियां सुनी और पढ़ी होंगी, लेकिन आज हम आपको एक ऐसी हकीकत से रूबरू करा रहे हैं, जिसे पढ़कर आप दंग रह जाएंगे। नोएडा में रहने वाले एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर खुद को हनीट्रैप में फंसाकर जबरन शादी करवाने का आरोप लगाया है। पति का आरोप है कि उसकी पत्नी ने पहले उसे झूठे प्यार के जाल में फंसाकर शारीरिक संबंध बनाए और बाद में जेल भिजवाने की धमकी देकर उसे शादी करने पर मजबूर कर दिया। शादी के कुछ समय बाद पता चला कि उसकी पत्नी अपने परिजनों के साथ मिलकर नए नए लोगों को प्यार के जाल में फंसाकर उनसे शारीरिक संबंध बनाती है और उन्हें जेल भिजवाने की धमकी देकर उनसे मोटी रकम वसूलती है। शादी के बाद महिला की ब्लैकमेलिंग से तंग आकर पीड़ित पति ने थाना सेक्टर-49 में मुकदमा दर्ज कराकर न्यायालय से न्याय की गुहार लगाई है।
मूल रूप से बिहार के पश्चिमी चंपारण के रहने वाले दीपक कुमार ने बताया कि वह सेक्टर-41 में रहता था। वर्ष 2020 में हेपेन डेटिंग ऐप के जरिए उसकी बातचीत रंजना (काल्पनिक नाम) से हुई। यह बातचीत थोड़े ही दिनों में प्रगाढ़ हो गयी। बातचीत के दौरान रंजना ने उसे दिसंबर 2020 में मुलाकात के लिए दिल्ली के ओखला फेस वन बुलाया। इसके बाद अक्सर दोनों की मुलाकातें होने लगीं। मुलाकातों के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और रंजना व उसके बीच सहमति से शारीरिक संबंध बन गए। शारीरिक संबंध बनाने के बाद रंजना ने उस पर शादी करने का दबाव डालना शुरू कर दिया। दीपक के मुताबिक जब उसने शादी से इनकार किया तो रंजना उसे बलात्कार के मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी देकर पैसे ऐंठने लगी। कुछ दिन बाद पैसे न मिलने पर रंजना ने कॉल कर पुलिस बुला ली, जिसके बाद उसे थाना सेक्टर-49 ले जाया गया। दीपक के मुताबिक थाने में उस पर पुलिस द्वारा रंजना से शादी करने का दबाव बनाया गया। दवाब के बाद उसने परिजनों को बिना बताए 16 अगस्त 2021 में गाजियाबाद के बजरिया रोड स्थित आर्य समाज मंदिर में रंजना से शादी कर ली। शादी के बाद दोनों साथ-साथ रहने लगे।
दीपक का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही घर पर रंजना से मिलने रोजाना नए-नए लड़के आने शुरू हो गए। इस बात का जब उसने विरोध किया तो दोनों के बीच झगड़ा होने लगा। इस दौरान उसे पता चला कि रंजना पहले से ही शादीशुदा है और उसके तलाक का मुकदमा दिल्ली के साकेत कोर्ट में चल रहा है। जब उसने मामले की तह तक जाने का प्रयास किया तो उसके पांव तले से जमीन खिसक गई।
दीपक कुमार ने बताया कि रंजना ने सबसे पहले बिहार के रहने वाले प्रीतम शर्मा को वर्ष 2015 में अपने प्रेम जाल में फंसाया और उससे पैसे ऐंठती रही। पैसे न मिलने पर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया, जिसमें उसने मंदिर में शादी करने की बात स्वीकार की है। इसके बाद रंजना ने वर्ष 2016 में दिल्ली मेट्रो में कार्यरत अंकित मिश्रा को अपना शिकार बनाते हुए उसके साथ आपसी सहमति से शारीरिक संबंध बनाए और बाद में उसके खिलाफ थाना सेक्टर-58 में बलात्कार का मुकदमा दर्ज करा दिया।
दीपक का आरोप है कि इस मुकदमे में रंजना ने पैसे लेकर अंकित मिश्रा के पक्ष में बयान दे दिया, जिससे यह मामला समाप्त हो गया। दीपक कुमार का आरोप है कि उसकी पत्नी रंजना उसके पिता, माता व चाचा, चाची व उसके भाई ने मिलकर रितिक, सूरज उर्फ डेविड के खिलाफ भी वर्ष-2017 में थाना सेक्टर-20 में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया। इसके पश्चात रंजना ने दिल्ली के जैतपुर निवासी अभिषेक कुमार को अपने प्रेम जाल में फंसाया। पैसे न मिलने पर रंजना ने अभिषेक के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज करा दिया।
दीपक ने बताया कि उसकी पत्नी ने पूर्व में पांच शादी की है, जिनमें से किसी से भी तलाक नहीं लिया है। पहले पति के जीवित होते हुए भी बिना तलाक लिए दूसरी शादी की है। इस बात का जब उसने विरोध किया तो उसकी पत्नी ने उसे भी बलात्कार व आत्महत्या के लिए उकसाने के झूठे मुकदमे में फंसाने का भय दिखाकर उससे पैसों की मांग शुरू कर दी, जिस पर उसने रंजना से दूरी बना ली। रंजना द्वारा लगातार बलात्कार व आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दिए जाने पर उसने नवंबर 2021 में उसके खिलाफ थाना सेक्टर-49 में मुकदमा दर्ज करा दिया था। इस मामले में अब तक तीन इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर (आईओ) बदल चुके हैं, लेकिन न्यायालय में चार्जशीट दाखिल नहीं की गई है।
दीपक के मुताबिक रंजना डेटिंग ऐप के जरिए नए नए लोगों को अपने प्रेमजाल में फंसाकर मिलने के लिए बुलाती है। मुलाकात के दौरान उनसे शारीरिक संबंध बनाने के बाद उन पर शादी का दबाव बनाती है। शादी से इंकार करने पर उन्हें बलात्कार के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर वसूली करती है। रंजना के चंगुल में फंसा व्यक्ति अगर पैसे नहीं देता है तो उसके खिलाफ बलात्कार व अन्य धाराओं में झूठा मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भिजवा दिया जाता है। कुछ समय बाद आरोपी पक्ष से पैसे लेकर गवाही बदल दी जाती है। दीपक के मुताबिक उसे पुलिस से भी कोई सहयोग नहीं मिल रहा है।
आरोप है कि रंजना की इस शादी वाले मायाजाल से जो ‘दहेज रूपी माल’ प्राप्त होता है, उसका कुछ हिस्सा वह पुलिस वालों को भी ‘खिलाती है। अब भला दहेज का माल खाकर उसके विरुद्ध कौन कार्रवाई करेगा? लेकिन, आपकी सावधानी ही आपका बचाव है। ऐसी ‘विषकन्याओं’ से सावधान रहें।