Film City Project : नियमों में ढील के साथ फिल्म सिटी के लिए ग्लोबल टेंडर निकालने की तैयारी में जुटा यीडा
भारत
चेतना मंच
15 Sep 2022 04:21 PM
Greater Noida : ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण अब सेक्टर-21 में 1000 हेक्टेयर में प्रस्तावित फिल्म सिटी को अंतिम रूप देने में जुट गया है। इससे पीपीपी मॉडल पर विकसित किया जाएगा। तकरीबन दो माह पहले ग्लोबल टेंडर जारी किया गया था, लेकिन तकनीकी खामियों और नियमों की सख्ती के कारण इसे विकसित करने वाली कंपनियां पीछे हट गईं थीं। अब नियमों में ढील के साथ एक बार फिर ग्लोबल टेंडर जारी करने की कवायद शुरू की गई है। शुक्रवार को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में नए प्रस्ताव पर मुहर लग सकती है। कयास लगाए जा रहे हैं कि शासन की मुहर के बाद दीपावली तक ग्लोबल टेंडर निकाला जाएगा।
पुराने नियमों के मुताबिक ओटीटी प्लेटफार्म व फिल्म निर्माताओं को टेंडर डालने पर मनाही थी, लेकिन अब वह नियम बदल दिए गए हैं। इसके अलावा फिल्म सिटी में इस बार ऐसी कंपनियां भी भाग ले सकेंगी, जिनका फिल्म उद्योग से टर्नओवर कम है तो वह दूसरी कंपनी के टर्नओवर का 25 फीसदी इसमें जोड़ सकेंगी। इसमें पिछले तीन साल का टर्नओवर देखा जाएगा।
पुराने ग्लोबल टेंडर के प्रति कंपनियों के रुचि न दिखाने के बाद शासन से लेकर यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों ने कमियों पर मंथन किया। इसके अलावा प्राधिकरण और शासन ने बॉलीवुड के कलाकारों और फिल्म निर्माताओं से फिल्म सिटी को लेकर फीडबैक लिया। इस प्रक्रिया के तहत कई नए सुझाव आए और फिल्म सिटी की गाइडलाइन में बदलाव करना पड़ा।
अब एक बार फिर शासन के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में शुक्रवार को बैठक होगी और फिर योजना को कैबिनेट में भेजा जाएगा। वहां से पास होने के बाद दिवाली के आसपास फिल्म सिटी का ग्लोबल टेंडर निकाला जाएगा।