IDF WS-2022 आईडीएफ डब्ल्यूएस-2022: पांच दशक बाद भारत को मिला मेजबानी का मौका
PM Modi
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 09:16 PM
Greater Noida : ग्रेटर नोएडा। साल, 1974 के बाद अब 2022 में, यानि 48 साल बाद भारत को आईडीएफ डब्ल्यूएस-2022 (IDF WS-2022)की मेजबानी का मौका मिला है। इसकी तैयारियां काफी दिनों से चल रही थीं। इस इंटरनेशनल आयोजन में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और केंद्रीय मछलीपालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला भी भागीदारी निभाएंगे। उत्तर प्रदेश के शोविंडो में होने वाले इस आयोजन के लिए यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिनों से यहां डेरा डाले हुए हैं।
चार दिवसीय आईडीएफ डब्ल्यूडीएस-2022 (IDF WS-2022) से पहले कारोबार बैठकों की एक श्रृंखला का भी आयोजन किया गया। तीन दिनों तक चलने वाली बैठकों के दौरान भारत के 8 करोड़ से अधिक छोटे एवं सीमांत डेयरी किसानों (जिनके पास औसतन 2 मवेशी होते हैं) के योगदान पर चर्चा की गई, जिन्होंने सालाना 210 एमटी उत्पादन के साथ भारत को दुनिया के अग्रणी दुग्ध उत्पादक के रूप में स्थापित किया है।
सम्मेलन के दौरान ‘डेयरी फॉर न्यूट्रिशन एण्ड लिवलीहुड’ विषय पर 24 सत्रों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें डेयरी उद्योग से जुड़े विभिन्न पहलुओं को कवर किया जाएगा। इसके अलावा तीन टेक्निकल सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। 91 विदेशी एवं 65 भारतीय प्रवक्ताओं सहित कुल 156 प्रवक्ता इन सत्रों को सम्बोधित करेंगे।
आईडीएफ डब्ल्यूडीएस-2022 (IDF WS-2022) को दुनियाभर से बहुत अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। 50 देशों से लगभग 1433 प्रतिभागियों ने सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए नामांकन किया है। यूएसए (29), फ्रांस (36), जर्मनी (25), कनाडा (15) और बेल्जियम(12) से बड़ी संख्या में भागीदारी के लिए पंजीकरण प्राप्त हुए हैं। इसके अलावा, 60 से अधिक प्रख्यात गणमान्य व्यक्तित्व भी सम्मेलन में हिस्सा ले रहे हैं।