
Noida News: नोएडा उत्तर प्रदेश का प्रसिद्ध शहर है। हर कोई नोएडा के विषय में जानना चाहता है। यहां नोएडा के प्रतिदिन के सभी समाचार अखबारों के हवाले से हम समाचार प्रकाशित करते हैं। नोएडा शहर से प्रकाशित होने वाले समाचार पत्रों में 23 सितंबर को क्या खास समाचार प्रकाशित हुए हैं यहां एक साथ पढऩे को मिलेंगे।
Noida News: समाचार अमर उजाला से
अमर उजाला अखबार ने अपने नोएडा संस्करण में मुख्य समाचार “नवरात्रि के पहले दिन बाजारों में चहल-पहल, बढ़ी खरीदारी” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि नवरात्रि के पहले दिन जीएसटी की नई दरों के लागू से सोमवार को ग्रेटर नोएडा के प्रमुख बाजारों में रौनक रही। जगत फार्म, रामपुर मार्केट, एच्छर आदि मार्केट में ग्राहकों का ताता लगा रहा। पहले दिन दुकानदारों के साथ ग्राहकों के चेहरे पर मुस्कान दिखी। ग्राहकों ने भी जरूरत का सामान सस्ता होने से जमकर खरीदारी की। केंद्र सरकार ने 12 और 28 फीसदी जीएसटी स्लैब खत्म कर दिए हैं। नई दरें सोमवार से लागू हो गईं। इसका असर पहले ही दिन बाजारों में देखने को मिला। दुकानों पर भीड़ बढ़ी और उपभोक्ताओं ने सस्ते हुए सामान के साथ त्योहार की खरीदारी शुरू कर दी। नई व्यवस्था में अब सिर्फ 5 और 18 प्रतिशत जीएसटी लगेगा। रोजमर्रा की वस्तुएं जैसे पनीर, घी, साबुन, शैंपू, टूथपेस्ट और टूथब्रश पहले से सस्ते हुए हैं। वहीं इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद, किचन अप्लायंस, होम डेकोर और गिफ्ट पैक पर लगभग सात प्रतिशत तक की गिरावट देखने को मिली है। दुकानदारों का कहना है कि ग्राहकों की दिलचस्पी बढ़ी है और कारोबार में 30 से 40 प्रतिशत तक वृद्धि की संभावना है। छोटी कारें भी अब सस्ती हुई हैं। पेट्रोल के 1200 सीसी और डीजल के 1500 सीसी इंजन वाली गाड़ियों पर टैक्स दर 28 की बजाय 18 फीसदी रह गई है। इससे त्योहार के मौसम में ऑटोमोबाइल शोरूम पर भी ग्राहकों की चहल-पहल बढ़ी नजर आई। अंतरराष्ट्रीय वैश्य व्यापार मंडल के अध्यक्ष मुकुल गोयल ने कहा कि जीएसटी की नई दर से दुकानदार और उपभोक्ता दोनों को लाभ मिला है। लोग जानकारी लेने और खरीदारी करने के लिए बाजार पहुंच रहे हैं।
Noida News:
अमर उजाला अखबार ने अपने नोएडा संस्करण में मुख्य समाचार “नोएडा हवाई अड्डे पर सीआईएसएफ तैनात” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की सुरक्षा व्यवस्था सोमवार से केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने अपने हाथों में ले ली। एयरपोर्ट पर आयोजित एक कार्यक्रम में यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (यापल) के सीईओ राकेश सिंह ने आईपीएस और सीआईएसएफ के विशेष महानिदेशक हवाई अड्डा प्रवीर रंजन को हवाई अड्डे की सुरक्षा व्यवस्था की बागडोर सौंपी। प्रवीर ने कहा कि सीआईएसएफ को नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमानन सुरक्षा का प्रभार लेने पर गर्व है। हवाई अड्डे पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रवीर रंजन ने कहा कि सीआईएसएफ विमानन सुरक्षा समूह विश्व स्तरीय बेंचमार्क स्तर की यात्रियों, चालक दल के साथ-साथ महत्त्वपूर्ण संपत्तियों की सुरक्षा प्रदान करेगा। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की सुरक्षा कमान में नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा देश का 70 वां हवाई अड्डा बन गया है। एयरपोर्ट पर 1047 सुरक्षा कर्मी संभालेंगे सुरक्षा की कमान संभालेंगे। हवाई अड्डे की सुरक्षा में क्विक रिस्पांस टीमें भी तैनात की गई है।
Hindi News:
अमर उजाला ने 23 सितंबर 2025 के अंक में प्रमुख समाचार “एमबीए में दाखिला न होने से परेशान छात्र ने की आत्महत्या” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि बिसरख कोतवाली क्षेत्र, स्थित आम्रपाली लेजर वैली सोसाइटी में सोमवार तड़के छात्र ने सोसाइटी के पार्क में अपने पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर से सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना सुबह करीब साढ़े चार बजे की है। मृतक की पहचान ए-146, आम्रपाली लेजर वैली निवासी प्रियांशु चौधरी के. रूप में हुई है।
पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला है। जिसमें छात्र ने लिखा है कि छोटे भाई पिता और परिवार का ख्याल रखना। फिलहाल पुलिस ने शब को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, सुबह सोसाइटी के कुछ लोग पार्क पहुंचे तो प्रियांशु को खून से लथपर्थं जमीन पर गिरा हुआ देखा। पास ही बेंच के नीचे चश्मा और रिवॉल्वर पड़ी थी। उन्होंने परिवार व पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और फरिसिक टीम को जांच के लिए बुलाया। प्रियांशु को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि प्रियांशु पार्क में बेंच पर करीब आधे घंटे तक अकेला बैठा रहा। इसके बाद वह घर "गया और पिता की रिवॉल्वर लेकर लौटा। बेंच के पास आकर उसने खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनते ही सुरक्षागार्ड मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। कोतवाली पुलिस को युवक की जेब से एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें उसने अपने छोटे भाई वैभव को संबोधित करते हुए लिखा, मेरे भाई वैभव, जाने के बाद पापा और परिवार का ध्यान रखना। परिजनों ने पुलिस को बताया कि स्नातक पूरा करने के बाद से युवक प्रतियोगी परीक्षा की भी तैयारी कर रहा था। वह गोवा के एक विद्यालय में एमबीए कोर्स में दाखिला लेना चाहता था लेकिन प्रवेश न मिलने से वह परेशान था। संभावना है कि यही तनाव उसकी आत्महत्या का कारण हो सकता है। युवक की मां की 2014 में बीमारी से मौत हो गई थी। वर्तमान में वह पिता, छोटे भाई और ताऊ के परिवार के साथ सोसाइटी में रह रहा था। घटना के बांद परिवार में मातम छाया हुआ है। वहीं, कोतवाली प्रभारी मनोज सिंह ने बताया कि आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। मौके से बरामद रिवॉल्वर को जब्त कर लिया गया है। पड़ोसियों और परिजनों से पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
Noida News: समाचार दैनिक जागरण से
दैनिक जागरण के नोएडा संस्करण में 23 सितंबर 2025 का प्रमुख समाचार “धरातल पर उतरने से पहले हेरिटेज सिटी के लिए यमुना नदी की बाढ़ बनी खतरा” शीर्षक से प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में बताया गया है कि मथुरा जिले में यमुना प्राधिकरण की हेरिटेज सिटी परियोजना में पेंच फंस गया है। मानसून में जमकर हुई वर्षा के कारण यमुना नदी में बाढ़ के हालात हो गए। बाढ़ का पानी प्रस्तावित हेरिटेज सिटी के क्षेत्र में पहुंच गया। भविष्य में यमुना नदी की बाढ़ हेरिटेज सिटी के लिए मुश्किल पैदा कर सकती है। यीडा ने सीबीआरई साउथ एशिया प्रा. लि. को हेरिटेज सिटी क्षेत्र का दोबारा सर्वे के निर्देश दिए हैं। एजेंसी मानसून के दौरान यमुना नदी में आई बाढ़ और उसका प्रस्तावित हेरिटेज सिटी पर प्रभाव का अध्ययन कर सुझाव देगी। इसके साथ ही प्राधिकरण हेरिटेज सिटी को पीपीपी माडल के बजाय अपने स्तर से विकसित करने की योजना पर भी विचार कर रहा है। परियोजना की लागत करीब 925 करोड़ रुपये है।
मास्टर प्लान फेज दो में शामिल मथुरा जिले में हेरिटेज सिटी यीडा की महत्वाकांक्षी परियोजना है। काफी प्रयास के बाद यीडा ने हेरिटेज सिटी की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट को अंतिम रूप दिया था। इसके तहत एनएच 44 से यमुना एक्सप्रेसवे के 101 किमी प्वाइंट को जोड़ने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण 15.3 किमी लंबी सड़क बना रहा है। इस सड़क के करीब सात किमी हिस्से के दोनों ओर 753 एकड़ में हेरिटेज सिटी को विकसित किया जाएगा। इस मार्ग से एक सड़क यमुना नदी पर ब्रज विकास परिषद द्वारा बनाए जा रहे सस्पेंशन ब्रिज को जोड़गी। इस मार्ग से होकर सीधे बांके बिहारी मंदिर पहुंचा जा सकेगा। यीडा की हेरिटेज सिटी को आध्यात्मिक, सांस्कृतिक क्लस्टर के तौर पर विकसित करने की योजना है, लेकिन यमुना नदी में इस बार आई बाढ़ ने हेरिटेज सिटी को धरातल पर उतरने से पहले ही रोक दिया है। यीडा के अधिकारियों का कहना है कि सर्वे रिपोर्ट आने के बाद परियोजना पर काम को आगे बढ़ाया जाएगा। हेरिटेज सिटी के लिए यमुना नदी के किनारे बांध बनाना जोखिम भरा है। इससे वृंदावन क्षेत्र में बाढ़ की संभावनाएं काफी बढ़ सकती हैं।
Noida News: