Noida News : शादी का झांसा देकर दो वर्ष तक करता रहा बलात्कार, पुलिस बता रही है आपसी लेन-देन का मामला
भारत
चेतना मंच
03 Aug 2022 11:34 PM
अब अपहरण व जान से मारने की धमकी, पीडि़ता ने पुलिस से लगाई गुहार
Noida : नोएडा। सेक्टर-71 में रहने वाली एक युवती ने अपने सहकर्मी पर शादी का झांसा देकर दो वर्षों तक बलात्कार करता रहा। पीडि़ता का आरोप है कि आरोपी उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे लाखों रुपए ऐंठ चुका है और अभी भी उसे ब्लैकमेल कर अपने दोस्तों के साथ शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाल रहा है। पीडि़ता ने थाने से लेकर पुलिस कमिश्नर तक न्याय की गुहार लगाई है। वहीं पुलिस दोनों के बीच पैसों का विवाद बताकर मामले से पल्ला झाड़ रही है।
पुलिस आयुक्त आलोक सिंह को लिखे पत्र में सेक्टर-71 निवासी रागिनी (काल्पनिक नाम) ने बताया कि वह एक कंपनी में एचआर रिकू्रटर का काम करती है। करीब 2 वर्ष पूर्व उसकी मुलाकात प्रेम जांगिड़ पुत्र खेताराम जांगिड़ निवासी जोधपुर से हुई। प्रेम जांगिड़ हाल में नोएडा के सेक्टर-35 में रह रहा है। रागिनी का कहना कि जॉब इंटरव्यू के दौरान नोएडा ऑफिस में हुई मुलाकात धीरे धीरे दोस्ती में तब्दील हो गई। 28 अगस्त 2021 को प्रेम जांगिड़ ने उसे सेक्टर-71 स्थित होटल क्लोवर मैं मिलने के लिए बुलाया। कुछ देर बातचीत करने के पश्चात प्रेम जांगिड़ ने उसे कोल्ड ड्रिंक पीने के लिए दी जिसे पीते ही वह बेहोश हो गई। होश में आने पर उसे पता चला कि उसके साथ बलात्कार किया गया है। जब उसने पुलिस से शिकायत करने की बात कही तो प्रेम जांगिड़ ने कहा कि वह उससे बहुत प्यार करता है और उससे ही शादी करेगा। उस समय लोक लाज व समाज में बदनामी के डर से उसने शिकायत नहीं की।रागिनी का कहना है कि इसके बाद प्रेम जांगिड़ शादी का झांसा देकर आये दिन उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने लगा। करीब 1 वर्ष पूर्व जब उसने प्रेम जांगिड़ से शादी करने को कहा तो उसने अपने मम्मी पापा की बीमारी का हवाला देकर कुछ दिन रुकने को कहा और इलाज कराने के बहाने उसे डेढ़ लाख रुपए ले लिए। रागिनी का आरोप है कि इसके बाद जब उसने एक बार फिर शादी करने के लिए कहा तो प्रेम जांगिड़ ने कहा कि जोधपुर में अंतरजातीय शादी करने पर समाज के लोग गांव से निकाल देते हैं। वापस गांव में लेने के लिए 30 से 40 लाख रुपए लेते हैं इसलिए वह उससे शादी नहीं कर सकता। रागिनी का आरोप है कि जब उसने विरोध किया तो प्रेम जांगिड़ ने उसके आपत्तिजनक फोटो व वीडियो दिखाते हुए कहा कि उसके पास ऐसे बहुत सारे फोटो और वीडियो है अगर उसने शादी के लिए जबरदस्ती की तो वह इन्हें वायरल कर देगा। रागिनी ने बताया कि प्रेम जांगिड़ ने आपत्तिजनक फोटो व वीडियो डिलीट करने के नाम पर उससे तीन लाख रुपये ले लिए। आरोपी अब उस पर अपने दोस्तों के साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डाल रहा है। रागिनी का आरोप है कि इस बात से इनकार करने व पुलिस में शिकायत करने की बात कहने पर प्रेम जांगिड़ अब उसे अपहरण कर जान से मारने की धमकी दे रहा है। रागिनी ने अपनी जान बचाने तथा उसके आपत्तिजनक फोटो व वीडियो डिलीट करा कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
वही इस संबंध में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का ट्विटर पर बयान आया है कि पीडि़ता व युवक के बीच रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद है। युवती बढ़-चढ़कर आरोप लगा रही है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। यह पूरा प्रकरण सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। टवीटर पर अलग-अलग हैंडल से इस प्रकरण को अनेक बार टवीट एवं रिट्वीट किया गया है।