
सरेंडर करना चाहिए : बसंत त्यागी
नोएडा में भारतीय जनता पार्टी के प्रभारी बसंत त्यागी ने चेतना मंच से कहा है कि आरोपी श्रीकांत त्यागी को सरेंडर कर देना चाहिए। कानून से ऊपर कोई नहीं है उसने जो किया है वह भरना पड़ेगा। उसने महिला के सम्मान को ठेस पहुंचाई है उसके लिए श्रीकांत दोषी है उसे सरेंडर करना चाहिए। उन्होंने एक बार फिर दोहराया कि भारतीय जनता पार्टी से श्रीकांत त्यागी का कोई लेना देना नहीं है।
फ्लैट पर चला बुलडोजर
श्रीकांत त्यागी ने सोसाइटी में ग्राउंड फ्लोर के अपने फ्लैट को अतिक्रमण करके बड़ा बनाया हुआ था। इसमें साल की लकड़ी और बेशकीमती टाइलों का इस्तेमाल किया गया था। आज सुबह नोएडा प्राधिकरण का एक बुलडोजर ओमेक्स सोसाइटी पहुंचा और इस अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। इस कार्यवाही के बाद सोसाइटी के निवासियों में एक विश्वास जगा है। उनका कहना है कि इस शिकायत को लेकर वे प्राधिकरण के दफ्तर के सैकड़ों चक्कर लगा चुके हैं। लेकिन करवाई नहीं हुई। आज की इस कार्यवाही के लिए सोसाइटी के निवासियों ने मीडिया का भी धन्यवाद किया है।
पुलिस की कार्रवाई जारी: राजेश एस
डीसीपी सेंट्रल राजेश एस ने चेतना मंच को बताया कि पुलिस की टीमे निरंतर अपना काम कर रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस मामले में कोतवाली फेस टू प्रभारी सुजीत उपाध्याय को सस्पेंड कर दिया गया है। उनके स्थान पर परमहंस तिवारी की तैनाती की गई है।