Srikant Tyagi : त्यागी समाज ने भरी हुंकार, 21 को घेरेंगे नोएडा की पुलिस कमिश्नरी
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 07:29 PM
Srikant Tyagi Noida : श्रीकांत त्यागी (Srikant Tyagi ) के परिवार के समर्थन में पश्चिमी यूपी के अलावा देशभर से त्यागी समाज के लोग 21 अगस्त को नोएडा में पुलिस कमिश्नरेट का घेराव करेंगे। यह जानकारी संयुक्त त्यागी स्वाभिमान मोर्चा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। त्यागी समाज ने दावा किया है कि देशभर से त्यागी समाज के लाखों लोग अपने अपमान का बदला लेने के लिए नोएडा में पुलिस कमिश्नर के यहां पहुंचकर हुंकार भरेंगे। इससे पहले मेरठ में आयोजित 15 जिलों के त्यागी समाज की बैठक में आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की गई।
त्यागी समाज के नेताओं ने कहा कि शासन-प्रशासन ने नोएडा में जो कुछ किया है, उससे समाज आहत है और अपमानित महसूस कर रहा है। समाज अपमान बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि अब ये निर्णय किया जा चुका है कि 21 अगस्त को नोएडा में देशभर से त्यागी समाज के लोग इकट्ठा होकर आंदोलन करेंगे। इसमें मध्य प्रदेश, बिहार से भूमिहार समाज, राजस्थान, दिल्ली, उत्तराखंड से त्यागी समाज के लोग आएंगे।
त्यागी समाज के नेताओं ने कहा कि पूरे मामले में गौतमबुद्धनगर के सांसद की शह रही है। श्रीकांत त्यागी के मामले में जिस तरह से कार्रवाई हुई है, वह गलत है। समाज के लोगों ने ये भी कहा कि जितनी जायज कार्रवाई श्रीकांत के खिलाफ बनती थी, उतनी होती तो कोई दुख नहीं होता, लेकिन श्रीकांत के परिवार को प्रताड़ित किया गया है। नेताओं ने कहा कि जब तक श्रीकांत त्यागी के साथ इंसाफ नहीं होगा, तब तक त्यागी बिरादरी चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने कहा कि गौतमबुद्ध नगर के सांसद को त्यागी समाज से माफी मांगनी चाहिए। निर्दोष लोगों पर कार्रवाई करने का भी समाज के नेताओं ने आरोप लगाया।