गाजियाबाद को मिलेगा स्मार्ट रोड नेटवर्क, 20 लाख लोगों की राह होगी आसान
Ghaziabad News
भारत
चेतना मंच
30 May 2025 07:34 PM
Ghaziabad News : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले की जर्जर सड़कों की सूरत जल्द बदलने वाली है। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने जिले की 194 सड़कों के पुनर्निर्माण, मरम्मत और चौड़ीकरण के लिए 600 करोड़ रुपये का विस्तृत बजट तैयार किया है। इस महत्त्वाकांक्षी परियोजना से जिले के लगभग 20 लाख नागरिकों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
सड़कों की दशा सुधारने की दिशा में बड़ा कदम
PWD ने सभी विधानसभा क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त और ट्रैफिक दबाव झेल रही सड़कों की पहचान कर सूची तैयार की है। इसमें प्रमुख रूप से सदर, साहिबाबाद, मुरादनगर, मोदीनगर और लोनी विधानसभा क्षेत्रों की सड़कें शामिल हैं। इन क्षेत्रों के विधायकों संजय शर्मा, सुनील कुमार शर्मा, अजीत पाल त्यागी, मंजू शिवाच और नंदकिशोर गुर्जर ने अपने-अपने इलाकों की प्रमुख सड़कों की मरम्मत व चौड़ीकरण हेतु प्रस्ताव सौंपे हैं।
शासन को भेजा गया बजट
600 करोड़ रुपये का यह प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है और स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। योजना के तहत न केवल सड़कों का पुनर्निर्माण और चौड़ीकरण होगा, बल्कि ट्रैफिक प्रबंधन व सड़क सुरक्षा के भी ठोस इंतजाम किए जाएंगे।
लोगों को मिलेगी राहत
शहर में लंबे समय से टूटी-फूटी सड़कों और जाम की समस्या से जूझ रहे लोग अब राहत की उम्मीद कर सकते हैं। यह परियोजना न केवल आवागमन को सुगम बनाएगी बल्कि सड़क हादसों की संभावनाओं को भी कम करेगी। Ghaziabad News