MIT से कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई करने वाले भारतीय मूल के अपूर्व श्रीवास्तव ने एक साधारण मिस्ड कॉल की समस्या को बिजनेस आइडिया में बदलकर 8300 करोड़ रुपये की AI कंपनी Avoca खड़ी कर दी। जानिए उनकी सफलता की पूरी कहानी।

अक्सर लोग अपने मोबाइल पर आने वाली मिस्ड कॉल को नजरअंदाज कर देते हैं। ज्यादातर लोगों के लिए यह एक सामान्य बात होती है, लेकिन भारतीय मूल के अपूर्व श्रीवास्तव ने इसी छोटी-सी समस्या में एक बड़ा बिजनेस अवसर देखा। अपनी तकनीकी समझ, बेहतरीन शिक्षा और सही सोच के दम पर उन्होंने ऐसी AI कंपनी खड़ी कर दी, जिसकी वैल्यू आज करीब 8300 करोड़ रुपये यानी 1 बिलियन डॉलर बताई जाती है। उनकी यह सफलता आज युवाओं और स्टार्टअप की दुनिया में प्रेरणा का बड़ा उदाहरण बन चुकी है।
अपूर्व श्रीवास्तव ने दुनिया के प्रतिष्ठित संस्थानों में शामिल मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी यानी MIT से कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई की। पढ़ाई के दौरान उन्होंने कोडिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आधुनिक सॉफ्टवेयर सिस्टम को गहराई से समझा। यही शिक्षा उनके लिए मजबूत आधार साबित हुई। MIT के माहौल ने उन्हें सिर्फ तकनीकी ज्ञान ही नहीं दिया, बल्कि समस्याओं को नए नजरिए से देखने और उनका समाधान खोजने की सोच भी विकसित की।
MIT में पढ़ाई के दौरान एक पोकर नाइट के दौरान अपूर्व श्रीवास्तव की मुलाकात टायसन चेन से हुई। दोनों की दोस्ती हुई और बातचीत के दौरान उन्हें एहसास हुआ कि कंप्यूटर साइंस और AI की मदद से ऐसी समस्याओं का समाधान किया जा सकता है, जिनका असर लाखों छोटे कारोबारियों पर पड़ता है। इसी सोच के साथ दोनों ने साल 2022 में Avoca नाम के स्टार्टअप की शुरुआत की।
अपूर्व का बचपन अमेरिका के मिशिगन में बीता, जहां उनके माता-पिता एक छोटा कारोबार चलाते थे। बचपन में वह अपने माता-पिता के काम में हाथ बंटाते थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि अगर किसी ग्राहक की कॉल मिस हो जाती थी, तो वह अक्सर किसी दूसरे कारोबारी के पास चला जाता था। दूसरी ओर, उनके दोस्त टायसन चेन की मां पेंसिल्वेनिया में एक क्लीनिक चलाती थीं और वहां भी यही समस्या सामने आती थी। दोनों ने महसूस किया कि मिस्ड कॉल सिर्फ एक कॉल नहीं होती, बल्कि कई बार यह सीधे कारोबार में होने वाले नुकसान का कारण बन जाती है।
शुरुआत में अपूर्व और उनकी टीम ने रेस्टोरेंट के लिए AI आधारित सर्विस तैयार की। हालांकि बाद में उन्हें समझ आया कि प्लंबर, इलेक्ट्रिशियन और HVAC जैसी घरेलू सेवाओं में काम करने वाले व्यवसायों को मिस्ड कॉल की वजह से सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ता है। इसके बाद साल 2023 में उन्होंने Rescue Air नाम की कंपनी के लिए अपना पहला AI प्रोडक्ट तैयार किया।
Avoca ऐसे AI वॉइस एजेंट विकसित करती है, जो इंसानों की तरह ग्राहकों से बातचीत कर सकते हैं। जब कोई ग्राहक फोन करता है, तो यह AI तुरंत कॉल रिसीव करता है, कंपनी का लाइव कैलेंडर देखकर अपॉइंटमेंट बुक करता है और पुराने ग्राहकों को फॉलो-अप संदेश भी भेजता है। इस तकनीक का उद्देश्य कारोबारियों की मिस्ड कॉल की समस्या को कम करना और उनके संभावित ग्राहकों को बनाए रखना है।
छोटे कारोबारियों की एक वास्तविक समस्या का समाधान तैयार करने की वजह से Avoca ने तेजी से पहचान बनाई। आज कंपनी की वैल्यू करीब 8300 करोड़ रुपये यानी 1 बिलियन डॉलर तक पहुंच चुकी है। यह सफलता दिखाती है कि अगर किसी वास्तविक समस्या का सही समाधान तैयार किया जाए, तो एक छोटा-सा आइडिया भी बड़े बिजनेस में बदल सकता है।
अपूर्व श्रीवास्तव की कहानी यह बताती है कि सफलता हमेशा किसी बड़े या असाधारण विचार से नहीं मिलती। कई बार रोजमर्रा की छोटी-छोटी समस्याएं ही बड़े स्टार्टअप की नींव बन जाती हैं। अच्छी शिक्षा, तकनीकी ज्ञान और समस्याओं को समझने की क्षमता किसी भी व्यक्ति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकती है। यही वजह है कि अपूर्व श्रीवास्तव की सफलता आज उन युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है, जो तकनीक के जरिए नई पहचान बनाना चाहते हैं।
विज्ञापन