विज्ञापन
विज्ञापन
बिहार बीएड सीईटी 2026 परीक्षा जून में होगी। जानें आवेदन प्रक्रिया, 10 कॉलेज विकल्प, मेरिट लिस्ट, सीट बुकिंग और काउंसिलिंग की पूरी जानकारी।

बिहार में बीएड में नामांकन की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। राज्य में बीएड कॉमन एंट्रेंस टेस्ट 2026 का आयोजन जून के पहले पखवाड़े में किए जाने की तैयारी चल रही है। राज्य नोडल विश्वविद्यालय बीआरएबीयू की ओर से परीक्षा को लेकर प्रारंभिक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। बताया गया है कि मई में अन्य कई परीक्षाएं होने के कारण बीएड प्रवेश परीक्षा को जून में आयोजित करने पर विचार किया जा रहा है।
बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए नोडल पदाधिकारी प्रो. संजय कुमार के अनुसार परीक्षा को पूरी पारदर्शिता के साथ आयोजित किया जाएगा। परीक्षा केंद्र जिला मुख्यालयों में बनाए जाएंगे और केंद्रों के चयन से पहले टीम द्वारा जांच भी कराई जाएगी। टीम की रिपोर्ट के आधार पर ही अंतिम परीक्षा केंद्र तय किए जाएंगे। कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय के निर्देशन में पूरी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है।
आवेदन प्रक्रिया शुरू करने के लिए अप्रैल में टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिसके बाद ऑनलाइन पोर्टल खोला जाएगा। छात्रों को आवेदन के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए वेबसाइट पर विस्तृत प्रॉस्पेक्टस भी उपलब्ध कराया जाएगा।
इस बार अभ्यर्थियों को आवेदन करने के लिए हिन्दी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं का विकल्प मिलेगा। छात्र अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी भाषा में आवेदन कर सकेंगे। पोर्टल पर ही प्रॉस्पेक्टस डाउनलोड करने की सुविधा दी जाएगी, जिसमें आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा से जुड़ी सभी जरूरी जानकारी विस्तार से दी जाएगी।
बीएड प्रवेश परीक्षा में इस बार भी छात्रों को 10 कॉलेजों का चयन करने का अवसर दिया जाएगा। इससे अभ्यर्थियों को अपनी पसंद के संस्थान में दाखिला पाने का बेहतर मौका मिलेगा। परीक्षा के बाद तीन मेरिट लिस्ट जारी की जाएंगी और यदि सीटें खाली रह जाती हैं तो ऑनस्पॉट एडमिशन की भी व्यवस्था की जाएगी।
पिछले वर्ष बिहार में बीएड के कुल 341 कॉलेजों में लगभग 37 हजार 300 सीटों पर नामांकन हुआ था। इस वर्ष सभी विश्वविद्यालयों से सीटों और कॉलेजों की अद्यतन जानकारी मांगी गई है। बीआरएबीयू में इस बार 58 कॉलेजों में नामांकन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
बीएड नामांकन प्रक्रिया में छात्राओं को शहर के कॉलेजों में प्राथमिकता देने की योजना है। इससे छात्राओं को बेहतर सुविधा और सुरक्षित माहौल मिल सकेगा। अधिकारियों का कहना है कि पूरी प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
परीक्षा के बाद परिणाम 15 दिनों के भीतर जारी करने की तैयारी है। मेरिट लिस्ट जारी होने के बाद अभ्यर्थियों को तीन दिनों के अंदर अपनी सीट बुक करनी होगी। यदि किसी छात्र का नाम पहली मेरिट लिस्ट में नहीं आता है तो वह दूसरी मेरिट लिस्ट का इंतजार कर सकता है। दूसरी सूची में छात्रों को अपने जिले के कॉलेज चुनने का विकल्प मिलेगा। काउंसिलिंग पूरी तरह ऑनलाइन होगी और सभी कॉलेजों में छात्रों का समान रूप से वितरण किया जाएगा।
बीएड प्रवेश परीक्षा दो घंटे की होगी, जिसमें कुल 120 प्रश्न पूछे जाएंगे। अभ्यर्थी वेबसाइट के माध्यम से यह भी देख सकेंगे कि किस कॉलेज में कितनी सीटें खाली हैं, कितना कटऑफ गया है और अब तक कितने दाखिले हो चुके हैं। इससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहेगी।
विज्ञापन