विज्ञापन
बिहार में होमगार्ड कंपनी कमांडर के 65 पदों पर भर्ती निकली है। जानें आवेदन की तारीख, योग्यता, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया, लिखित परीक्षा, नेगेटिव मार्किंग और शारीरिक दक्षता परीक्षा की पूरी जानकारी।

बिहार में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग ने होमगार्ड श्रेणी के तहत कंपनी कमांडर के 65 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 30 जून 2026 से शुरू होगी और इच्छुक अभ्यर्थी 30 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। आयोग ने इस भर्ती के लिए शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया और शारीरिक दक्षता परीक्षा से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारियां जारी कर दी हैं।
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक यानी ग्रेजुएशन पास होना अनिवार्य है। अभ्यर्थी ने 1 अगस्त 2025 तक स्नातक या राज्य सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण कर ली हो।
आयु सीमा की गणना भी 1 अगस्त 2025 के आधार पर की जाएगी। सभी श्रेणियों के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम आयु 20 वर्ष निर्धारित की गई है। सामान्य वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु 37 वर्ष रखी गई है। सामान्य वर्ग की महिलाओं तथा पिछड़ा वर्ग और अत्यंत पिछड़ा वर्ग के पुरुष एवं महिला उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है। वहीं अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति तथा थर्ड जेंडर अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु सीमा 42 वर्ष निर्धारित की गई है।
कंपनी कमांडर भर्ती की चयन प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होगी। सबसे पहले प्रारंभिक लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके बाद सफल अभ्यर्थियों को मुख्य लिखित परीक्षा में शामिल होना होगा। अंतिम चरण में शारीरिक योग्यता और दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी।
प्रारंभिक लिखित परीक्षा 200 अंकों की होगी, जिसमें 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा की अवधि दो घंटे होगी। मुख्य परीक्षा के लिए पात्र होने के लिए उम्मीदवारों को कम से कम 30 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
मुख्य लिखित परीक्षा में दो प्रश्न पत्र होंगे। पहला प्रश्न पत्र सामान्य हिंदी का होगा, जिसमें 100 प्रश्न और कुल 200 अंक निर्धारित हैं। इस पत्र में भी न्यूनतम 30 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा, लेकिन इसके अंक अंतिम मेरिट में नहीं जोड़े जाएंगे। दूसरा प्रश्न पत्र सामान्य अध्ययन का होगा, जिसमें सामान्य अध्ययन, सामान्य विज्ञान, नागरिक शास्त्र, भारतीय इतिहास, भारतीय भूगोल, गणित और मानसिक योग्यता से जुड़े 100 प्रश्न पूछे जाएंगे। यह प्रश्न पत्र भी 200 अंकों का होगा और इसकी अवधि दो घंटे रहेगी।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि प्रारंभिक और मुख्य दोनों लिखित परीक्षाओं में प्रत्येक गलत उत्तर पर 0.2 अंक की नेगेटिव मार्किंग लागू होगी।
मुख्य लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर रिक्तियों के छह गुना अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा। नियुक्ति के लिए उम्मीदवारों का शारीरिक दक्षता परीक्षा में केवल उत्तीर्ण होना आवश्यक होगा। अंतिम मेरिट सूची पूरी तरह मुख्य लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी।
शारीरिक दक्षता परीक्षा में पुरुष उम्मीदवारों को 1.6 किलोमीटर की दौड़ अधिकतम 6 मिनट 30 सेकंड में पूरी करनी होगी। महिला उम्मीदवारों को 1 किलोमीटर की दौड़ अधिकतम 6 मिनट में पूरी करनी होगी।
इसके अलावा पुरुष उम्मीदवारों के लिए ऊंची कूद में न्यूनतम 4 फीट और महिलाओं के लिए 3 फीट की ऊंचाई निर्धारित की गई है। लंबी कूद में पुरुषों को कम से कम 12 फीट और महिलाओं को 9 फीट की दूरी तय करनी होगी। गोला फेंक प्रतियोगिता में पुरुषों को 16 पाउंड का गोला न्यूनतम 16 फीट तथा महिलाओं को 12 पाउंड का गोला न्यूनतम 10 फीट तक फेंकना अनिवार्य होगा। शारीरिक दक्षता परीक्षा में निर्धारित मानकों को पूरा करने वाले अभ्यर्थियों को ही सफल माना जाएगा।
बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग की इस भर्ती में आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को अपनी शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य पात्रता शर्तों की अच्छी तरह जांच कर लेनी चाहिए। ऑनलाइन आवेदन केवल निर्धारित अवधि यानी 30 जून 2026 से 30 जुलाई 2026 तक ही स्वीकार किए जाएंगे। ऐसे में इच्छुक अभ्यर्थियों को समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए।
विज्ञापन