विज्ञापन
बिहार पुलिस स्पेशल ब्रांच कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2026 की तारीख जारी हो गई है। 83 पदों पर होने वाली परीक्षा 24 जून 2026 को आयोजित होगी। जानें एडमिट कार्ड डेट, एग्जाम पैटर्न और जरूरी नियम।

बिहार पुलिस में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। केंद्रीय चयन पर्षद सिपाही भर्ती बोर्ड यानी सीएसबीसी ने बिहार पुलिस के स्पेशल ब्रांच में कांस्टेबल के 83 पदों पर होने वाली भर्ती परीक्षा की तारीख घोषित कर दी है। आधिकारिक नोटिस के अनुसार यह लिखित प्रतियोगिता परीक्षा 24 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा राज्य के सभी 38 राजस्व जिलों में बनाए गए विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर एक ही शिफ्ट में होगी।
इस भर्ती परीक्षा का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए यह अपडेट बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। परीक्षा दो अलग-अलग प्रश्न पत्रों में आयोजित होगी और दोनों पेपर में शामिल होना सभी उम्मीदवारों के लिए अनिवार्य रहेगा।
सीएसबीसी द्वारा जारी नोटिस के मुताबिक परीक्षा 24 जून 2026 दिन बुधवार को आयोजित होगी। परीक्षा सुबह 10 बजे शुरू होकर दोपहर 1 बजकर 30 मिनट तक चलेगी। परीक्षा में दो पेपर होंगे और दोनों के बीच 30 मिनट का ब्रेक दिया जाएगा।
दोनों प्रश्न पत्रों की अवधि 90-90 मिनट की होगी। परीक्षा एक ही दिन और एक ही शिफ्ट में आयोजित की जाएगी।
अभ्यर्थी 11 जून 2026 से सीएसबीसी की आधिकारिक वेबसाइट csbc.bihar.gov.in पर जाकर अपने परीक्षा केंद्र जिले और परीक्षा तिथि की जानकारी देख सकेंगे। इसके लिए उम्मीदवारों को अपना रजिस्ट्रेशन नंबर या पंजीकृत मोबाइल नंबर और जन्मतिथि दर्ज करनी होगी।
बिहार पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के एडमिट कार्ड 18 जून 2026 से डाउनलोड किए जा सकेंगे। उम्मीदवार परीक्षा के दिन यानी 24 जून 2026 सुबह 9 बजे तक अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड और प्रिंट कर सकते हैं।
पर्षद की ओर से साफ कहा गया है कि किसी भी उम्मीदवार को डाक के जरिए एडमिट कार्ड नहीं भेजा जाएगा। इसलिए सभी अभ्यर्थियों को ऑनलाइन ही एडमिट कार्ड डाउनलोड करना होगा।
यदि कोई अभ्यर्थी वेबसाइट से एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं कर पाता है तो उसे परेशान होने की जरूरत नहीं है। ऐसे उम्मीदवार 22 जून 2026 को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे के बीच सीएसबीसी कार्यालय, बैक हार्डिंग रोड, सचिवालय हाल्ट के पास, पटना जाकर डुप्लीकेट एडमिट कार्ड प्राप्त कर सकते हैं।
इसके लिए उम्मीदवारों को आवेदन रसीद और एक वैध फोटो आईडी कार्ड साथ ले जाना होगा।
इस भर्ती परीक्षा में कुल दो प्रश्न पत्र होंगे और दोनों में शामिल होना जरूरी रहेगा। किसी एक पेपर में अनुपस्थित रहने पर उम्मीदवार की उम्मीदवारी रद्द मानी जा सकती है।
सीएसबीसी ने उम्मीदवारों को ओएमआर शीट भरते समय बेहद सावधानी बरतने की सलाह दी है। उम्मीदवारों को अपना रोल नंबर, प्रश्न पुस्तिका नंबर, अनुच्छेद लेखन और हस्ताक्षर सही तरीके से भरना होगा। किसी भी प्रकार की गलती होने पर उम्मीदवारी तत्काल रद्द की जा सकती है।
ओएमआर शीट तीन कॉपी में होगी। पहली कॉपी ओरिजनल होगी जबकि दूसरी कॉपी पर्षद के पास सुरक्षित रखी जाएगी। तीसरी कार्बनलैस कॉपी परीक्षा समाप्त होने के बाद उम्मीदवारों को दी जाएगी, जिसे वे अपने साथ घर ले जा सकेंगे।
हालांकि मुख्य प्रश्न पुस्तिका को परीक्षा केंद्र से बाहर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
बिहार पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लें और परीक्षा केंद्र पर तय समय से पहले पहुंचें। साथ ही परीक्षा से जुड़े सभी दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें ताकि किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
विज्ञापन