BPSC Vacancy 2025: बिहार में शिक्षा विभाग 4000 पदों पर बड़ी भर्ती की तैयारी कर रहा है। नोटिफिकेशन जल्द जारी होने की संभावना है। यहां पढ़ें पूरी जानकारी।

बिहार में शिक्षा विभाग ने आने वाले महीने के लिए बड़ी भर्ती की तैयारी तेज कर दी है। राज्य के उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में लंबे समय से लंबित नियुक्तियों को आगे बढ़ाने के लिए विभाग ने रोस्टर क्लियर कराने की प्रक्रिया तेज कर दी है। उम्मीद की जा रही है कि दिसंबर में इन पदों की वैकेंसी तैयार हो जाएगी और जनवरी के अंत तक सभी तकनीकी कमियों को दूर कर प्रस्ताव बीपीएससी भेज दिया जाएगा। इसके बाद भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।
राज्य सरकार ने हाल ही में नई नियमावली को मंजूरी दी है, जिसके बाद पूरी नियुक्ति प्रक्रिया स्पष्ट हो गई है। बताया जा रहा है कि जिन पदों पर बहाली प्रस्तावित है, उनका वेतनमान हाईस्कूल शिक्षकों के समान ही रखा जाएगा। इसके लिए शिक्षा विभाग ने वेतन निर्धारण को लेकर वित्त विभाग से आग्रह किया है। जैसे ही वेतनमान तय होगा, नियुक्ति प्रक्रिया और तेज हो जाएगी। इन पदों पर प्रतियोगिता परीक्षा बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित की जाएगी, जिसमें 100 अंकों के बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे और गलत उत्तरों पर कोई कटौती नहीं की जाएगी।
शिक्षा विभाग का अनुमान है कि इस बार लगभग चार हजार से अधिक पदों पर नियुक्ति की वैकेंसी आ सकती है। पिछले वर्षों में इन पदों पर बड़ी संख्या में बहाली नहीं हो सकी थी, जिसके कारण अभ्यर्थी काफी समय से भर्ती का इंतज़ार कर रहे थे। यह बहाली विद्यालय सहायक की तर्ज पर की जाएगी और सभी नियुक्त उम्मीदवारों को राज्यकर्मियों की तरह नई पेंशन योजना का लाभ भी मिलेगा।
इन पदों पर पिछली बड़ी बहाली वर्ष 2010 में हुई थी। इससे पहले 2008 में नियमावली बनी थी, जिसके आधार पर 2596 पदों के लिए संविदा पर आवेदन लिए गए थे। यह प्रक्रिया 2010–11 में पूरी हुई थी और करीब 2100 अभ्यर्थियों की नियुक्ति नियोजित शिक्षक की तर्ज पर की गई थी। इस बार प्रस्तावित भर्ती में माध्यमिक विद्यालयों के साथ उच्च माध्यमिक विद्यालय और उर्दू शिक्षकों के विद्यालय भी शामिल किए जाएंगे, जिससे कुल पदों की संख्या और बढ़ने की संभावना है।
बैचलर ऑफ लाइब्रेरी साइंस और मास्टर ऑफ लाइब्रेरी साइंस के डिग्रीधारी उम्मीदवार लंबे समय से इस बहाली की प्रतीक्षा कर रहे थे। अब विभागीय तैयारी देखकर अभ्यर्थियों में एक बार फिर उम्मीद जग गई है कि जल्द ही नोटिफिकेशन जारी होगा और भर्ती प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू हो जाएगी।