दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्रों के लिए सेंट्रल प्लेसमेंट सेल ने 3 नई नौकरी और इंटर्नशिप के अवसर जारी किए हैं। 22 जुलाई 2026 तक आवेदन करें और 3 लाख से 6 लाख रुपये तक के पैकेज के साथ वर्क फ्रॉम होम इंटर्नशिप का लाभ उठाएं।

दिल्ली यूनिवर्सिटी के नियमित छात्रों के लिए करियर की दिशा में एक बड़ा अवसर सामने आया है। यूनिवर्सिटी के डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर कार्यालय के तहत संचालित सेंट्रल प्लेसमेंट सेल ने नौकरी और इंटर्नशिप के तीन नए अवसरों की घोषणा की है। ये अवसर AddVals Advisory Services, PlanetSpark और 19M Academy के सहयोग से उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इन तीनों अवसरों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 22 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। ऐसे में जो छात्र बेहतर करियर की तलाश में हैं, उनके लिए यह एक अच्छा मौका साबित हो सकता है।
सेंट्रल प्लेसमेंट सेल ने AddVals Advisory Services में एसोसिएट रिस्क एडवाइजरी एंड फॉरेंसिक पद पर फुल टाइम नौकरी के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति दिल्ली और गुरुग्राम में की जाएगी। इस पद के लिए सालाना 3 लाख रुपये का सीटीसी दिया जाएगा।
यह अवसर दिल्ली यूनिवर्सिटी के नियमित बीकॉम, बीए इकोनॉमिक्स और इससे संबंधित पाठ्यक्रमों में पढ़ाई कर रहे छात्रों के लिए उपलब्ध है। इच्छुक उम्मीदवार 22 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
इस पद पर चयनित उम्मीदवारों को रिस्क असेसमेंट, फ्रॉड की जांच और फॉरेंसिक रिव्यू से जुड़े कार्यों में सहयोग करना होगा। इसके अलावा वित्तीय आंकड़ों और बिजनेस प्रक्रियाओं का विश्लेषण कर संभावित जोखिमों की पहचान करना, रेगुलेटरी कंप्लायंस और ड्यू डिलिजेंस से जुड़े कार्यों में सहयोग देना, रिपोर्ट और प्रेजेंटेशन तैयार करना तथा विभिन्न टीमों के साथ मिलकर काम करना उनकी जिम्मेदारी होगी। इस नौकरी के माध्यम से उम्मीदवारों को रिस्क मैनेजमेंट, फॉरेंसिक और कंप्लायंस जैसे क्षेत्रों में व्यावहारिक अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा।
सेंट्रल प्लेसमेंट सेल ने PlanetSpark में बिजनेस डेवलपमेंट काउंसलर पद के लिए भी भर्ती निकाली है। यह फुल टाइम नौकरी गुरुग्राम में होगी। प्रशिक्षण अवधि के दौरान चयनित उम्मीदवारों को हर महीने 21,428 रुपये का स्टाइपेंड और इंसेंटिव मिलेगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद 4.1 लाख रुपये सालाना फिक्स्ड वेतन के साथ 2.4 लाख रुपये तक का वैरिएबल पे दिया जाएगा। वहीं इंटरनेशनल ट्रैक के लिए 4.8 लाख रुपये सालाना फिक्स्ड वेतन और 2.4 लाख रुपये तक का वैरिएबल पे निर्धारित किया गया है।
इस पद पर चयनित उम्मीदवारों को छात्रों और उनके अभिभावकों को PlanetSpark के कम्युनिकेशन स्किल्स प्रोग्राम की जानकारी देनी होगी। साथ ही छात्रों की जरूरत के अनुसार सही कोर्स चुनने में मदद करना और एडमिशन प्रक्रिया के दौरान उनका मार्गदर्शन करना होगा। कंपनी के अनुसार कर्मचारियों को प्रशिक्षण, अनुभवी मेंटर्स का मार्गदर्शन, आकर्षक इंसेंटिव और अंतरराष्ट्रीय भूमिका में आगे बढ़ने का अवसर भी मिलेगा।
यह अवसर दिल्ली यूनिवर्सिटी के नियमित स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी छात्रों के लिए उपलब्ध है।
19M Academy में वर्क फ्रॉम होम इंटर्नशिप का सुनहरा मौका
जो छात्र घर बैठे काम करने का अनुभव लेना चाहते हैं, उनके लिए 19M Academy ने बिजनेस डेवलपमेंट एसोसिएट पद पर वर्क फ्रॉम होम इंटर्नशिप का अवसर दिया है। इस इंटर्नशिप की अवधि छह महीने होगी। चयनित उम्मीदवारों को हर महीने 15 हजार रुपये का स्टाइपेंड मिलेगा। इसके अलावा प्रदर्शन के आधार पर हर महीने 10 हजार रुपये तक का अतिरिक्त इंसेंटिव भी दिया जाएगा।
इस इंटर्नशिप की सबसे खास बात यह है कि बेहतर प्रदर्शन करने वाले उम्मीदवारों को प्री प्लेसमेंट ऑफर यानी स्थायी नौकरी का अवसर मिलेगा। इंटर्नशिप सफलतापूर्वक पूरी करने के बाद 4 लाख रुपये से 6 लाख रुपये सालाना के पैकेज वाली नौकरी मिलने की संभावना रहेगी।
इस दौरान उम्मीदवारों को संभावित छात्रों से संपर्क करना, उनकी जरूरतों को समझना, 19M Academy के कोर्स की जानकारी देना, एडमिशन प्रक्रिया में सहायता करना, नियमित फॉलो अप करना और तय मासिक लक्ष्यों को पूरा करना होगा। इस पद के लिए अच्छे कम्युनिकेशन और सॉफ्ट स्किल्स जरूरी हैं। आवेदन दिल्ली यूनिवर्सिटी के नियमित यूजी, पीजी, पीएचडी छात्रों के साथ-साथ पूर्व छात्र भी कर सकते हैं।
सेंट्रल प्लेसमेंट सेल द्वारा जारी इन तीनों अवसरों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 22 जुलाई 2026 तय की गई है। ऐसे छात्र जो नौकरी या इंटर्नशिप के जरिए अपने करियर की मजबूत शुरुआत करना चाहते हैं, उनके लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर हो सकता है। तीनों कंपनियां अलग-अलग प्रोफाइल में काम करने का अनुभव देने के साथ भविष्य में बेहतर करियर की संभावनाएं भी उपलब्ध करा रही हैं।
विज्ञापन