विज्ञापन
केंद्र सरकार ने ईडी में 1200 से अधिक नए पदों को मंजूरी दी है। SSC CGL 2026 के जरिए असिस्टेंट एन्फोर्समेंट ऑफिसर समेत कई पदों पर भर्ती होगी। जानें पूरी डिटेल।

केंद्र सरकार ने प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी के कामकाज को और मजबूत बनाने के लिए बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने एजेंसी में 1200 से अधिक नए पदों को मंजूरी दे दी है। लंबे समय से ईडी के कैडर पुनर्गठन का इंतजार किया जा रहा था, जिसे अब वित्त मंत्रालय की मंजूरी मिल गई है। इस फैसले के बाद ईडी में कर्मचारियों की कुल संख्या 2029 से बढ़कर 3256 हो जाएगी। माना जा रहा है कि आने वाले समय में इससे युवाओं के लिए सरकारी नौकरी के नए अवसर खुलेंगे।
नई व्यवस्था के तहत ईडी में एडिशनल डायरेक्टर, ज्वाइंट डायरेक्टर, डिप्टी डायरेक्टर, असिस्टेंट डायरेक्टर, एनफोर्समेंट ऑफिसर और असिस्टेंट एनफोर्समेंट ऑफिसर जैसे पदों की संख्या में बड़ी बढ़ोतरी की गई है। एडिशनल डायरेक्टर के पद 10 से बढ़ाकर 24 कर दिए गए हैं। वहीं ज्वाइंट डायरेक्टर के पद 28 से बढ़ाकर 49 कर दिए गए हैं।
इसके अलावा डिप्टी डायरेक्टर के पद 148 से बढ़कर 267 हो गए हैं। असिस्टेंट डायरेक्टर के पदों की संख्या 255 से बढ़ाकर 531 कर दी गई है। सबसे ज्यादा बढ़ोतरी एनफोर्समेंट ऑफिसर और असिस्टेंट एनफोर्समेंट ऑफिसर के पदों में देखने को मिली है। एनफोर्समेंट ऑफिसर के पद अब 355 से बढ़कर 606 हो गए हैं।
कर्मचारी चयन आयोग यानी SSC ने कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल परीक्षा 2026 के जरिए केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और संगठनों में 12256 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं। यह भर्ती ग्रुप बी और ग्रुप सी के पदों के लिए की जाएगी। ऐसे में ईडी में बढ़े पदों का फायदा भी SSC CGL अभ्यर्थियों को मिल सकता है।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और आवेदन की अंतिम तिथि 22 जून रात 11 बजे तक निर्धारित की गई है। उम्मीदवार 23 जून तक ऑनलाइन फीस जमा कर सकते हैं। आवेदन फॉर्म में सुधार के लिए 29 जून से 1 जुलाई तक पोर्टल खुला रहेगा। परीक्षा का पहला चरण अगस्त और सितंबर में आयोजित होने की संभावना है, जबकि दूसरा चरण दिसंबर में हो सकता है।
SSC CGL 2026 के जरिए कई बड़े पदों पर भर्ती की जाएगी। इसमें असिस्टेंट ऑडिट ऑफिसर, असिस्टेंट अकाउंट्स ऑफिसर, असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर, इनकम टैक्स इंस्पेक्टर, असिस्टेंट एन्फोर्समेंट ऑफिसर, सब इंस्पेक्टर, जूनियर स्टैटिस्टिकल ऑफिसर, ऑडिटर, अकाउंटेंट और टैक्स असिस्टेंट जैसे पद शामिल हैं।
ईडी में असिस्टेंट एन्फोर्समेंट ऑफिसर का पद युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय माना जाता है। ऐसे में ईडी में नए पद बढ़ने से प्रतियोगी छात्रों के लिए अवसर और अधिक बढ़ सकते हैं।
ग्रुप बी पदों के लिए उम्मीदवारों की आयु 18 से 32 वर्ष तक निर्धारित की गई है। वहीं ग्रुप सी पदों के लिए आयु सीमा 18 से 27 वर्ष रखी गई है। कुछ पदों के लिए अलग-अलग आयु सीमा तय की गई है। जूनियर स्टैटिस्टिकल ऑफिसर यानी JSO पद के लिए उम्मीदवार की आयु 18 से 32 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
सरकारी नियमों के अनुसार एससी और एसटी वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में पांच वर्ष की छूट मिलेगी, जबकि ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों को तीन वर्ष की छूट दी जाएगी।
ईडी में पदों की संख्या बढ़ने और SSC CGL 2026 में हजारों भर्तियां निकलने से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं में उत्साह बढ़ गया है। खासतौर पर ग्रेजुएशन कर चुके अभ्यर्थियों के लिए यह भर्ती सुनहरा मौका मानी जा रही है। आने वाले समय में ईडी समेत कई केंद्रीय विभागों में नई नियुक्तियां देखने को मिल सकती हैं।
विज्ञापन