IBPS Clerk Vacancy 2026 के लिए 1 अगस्त से ऑनलाइन आवेदन शुरू होंगे। 10 से 12 हजार पदों पर भर्ती की संभावना है। जानें योग्यता, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया, परीक्षा पैटर्न और आवेदन की पूरी जानकारी।

बैंकिंग सेक्टर में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए अच्छी खबर है। इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सोनल सेलेक्शन यानी आईबीपीएस ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में ग्राहक सेवा सहयोगी (पूर्व में क्लर्क) पदों पर भर्ती के लिए सीआरपी सीएसए 16 की संक्षिप्त अधिसूचना जारी कर दी है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 अगस्त 2026 से शुरू होगी, जबकि आवेदन करने की अंतिम तिथि 21 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।
इस भर्ती के तहत राष्ट्रीयकृत बैंकों में करीब 10 से 12 हजार रिक्तियां आने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि अंतिम रिक्तियों की संख्या बैंकों से प्राप्त पदों के अनुसार तय होगी। पिछली भर्ती में भी शुरुआत में कम पद बताए गए थे, लेकिन बाद में रिक्तियों की संख्या बढ़कर करीब 15 हजार तक पहुंच गई थी। ऐसे में इस बार भी पदों की संख्या बढ़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
आईबीपीएस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन कर चुके उम्मीदवार इस भर्ती के लिए आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम आयु 28 वर्ष होनी चाहिए।
आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों को पांच वर्ष तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों को तीन वर्ष की आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी।
आईबीपीएस के अनुसार इच्छुक एवं पात्र उम्मीदवार निर्धारित अवधि के दौरान आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। फिलहाल केवल संक्षिप्त अधिसूचना जारी की गई है। भर्ती से जुड़ी विस्तृत अधिसूचना जल्द जारी की जाएगी, जिसमें राज्यवार रिक्तियां, आवेदन शुल्क और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराई जाएंगी।
आईबीपीएस क्लर्क भर्ती 2026 की चयन प्रक्रिया दो चरणों में पूरी की जाएगी। सबसे पहले ऑनलाइन प्रारंभिक परीक्षा आयोजित होगी। इसमें सफल होने वाले उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा।
मुख्य परीक्षा के बाद दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा और इसके बाद विभिन्न सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में प्रोविजनल आवंटन की प्रक्रिया पूरी होगी।
प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा दोनों ऑनलाइन ऑब्जेक्टिव मोड में आयोजित की जाएंगी। दोनों परीक्षाओं में प्रत्येक गलत उत्तर पर 0.25 अंक की नेगेटिव मार्किंग लागू होगी। इसलिए उम्मीदवारों को उत्तर देते समय विशेष सावधानी बरतनी होगी।
मुख्य परीक्षा के बाद उम्मीदवारों का लोकल लैंग्वेज टेस्ट भी आयोजित किया जाएगा। हालांकि जिन अभ्यर्थियों ने जिस राज्य की भर्ती के लिए आवेदन किया है, उस राज्य की भाषा को दसवीं कक्षा या उससे ऊपर की पढ़ाई में विषय के रूप में पढ़ा है, उन्हें यह परीक्षा नहीं देनी होगी।
आईबीपीएस क्लर्क भर्ती 2026 में अंतिम मेरिट केवल मुख्य परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी। प्रारंभिक परीक्षा केवल क्वालिफाइंग प्रकृति की होगी। प्रत्येक उम्मीदवार केवल एक राज्य के लिए आवेदन कर सकेगा, हालांकि परीक्षा केंद्र किसी अन्य राज्य में भी आवंटित किया जा सकता है।
आईबीपीएस क्लर्क भर्ती 2026 बैंकिंग सेक्टर में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे ग्रेजुएट युवाओं के लिए बड़ा अवसर साबित हो सकती है। आवेदन प्रक्रिया 1 अगस्त से शुरू होगी, इसलिए इच्छुक उम्मीदवारों को समय रहते जरूरी दस्तावेज तैयार रखने चाहिए और विस्तृत अधिसूचना जारी होने के बाद आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए।
विज्ञापन