विज्ञापन
Indian Army Agniveer Admit Card 2026 जारी होने शुरू हो गए हैं। जानें किस कैटेगरी का एडमिट कार्ड कब आएगा, परीक्षा तिथि, डाउनलोड प्रक्रिया और फिजिकल टेस्ट की पूरी जानकारी।

इंडियन आर्मी अग्निवीर भर्ती परीक्षा 2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। भारतीय सेना ने अग्निवीर भर्ती लिखित परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर जाकर अपने हॉल टिकट डाउनलोड कर सकते हैं। अलग-अलग पदों और परीक्षा तिथियों के अनुसार एडमिट कार्ड चरणबद्ध तरीके से जारी किए जा रहे हैं।
इस भर्ती अभियान के जरिए अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर तकनीकी, अग्निवीर क्लर्क और स्टोर कीपर तकनीकी, अग्निवीर ट्रेड्समैन 10वीं पास और 8वीं पास समेत कई पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके अलावा जेसीओ और ओआर रैंक के तहत धार्मिक शिक्षक जूनियर कमीशन अधिकारी, हवलदार शिक्षा, सिपाही फार्मा और सैनिक तकनीकी नर्सिंग असिस्टेंट तथा वेटनरी पदों पर भी भर्ती होगी।
भारतीय सेना की ओर से परीक्षा तिथि के अनुसार एडमिट कार्ड जारी किए जा रहे हैं। जिन अभ्यर्थियों की परीक्षा 1 और 2 जून 2026 को होगी, वे 18 मई 2026 से अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। इसमें अग्निवीर जनरल ड्यूटी और अग्निवीर ट्रेड्समैन 10वीं पास के उम्मीदवार शामिल हैं।
वहीं 3 और 4 जून को होने वाली परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड 19 मई 2026 से उपलब्ध होंगे। 5 और 8 जून को आयोजित होने वाली अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर ट्रेड्समैन 10वीं पास और अग्निवीर तकनीकी परीक्षा के अभ्यर्थी 20 मई 2026 की शाम से अपने हॉल टिकट ऑनलाइन देख सकेंगे।
इसके अलावा जिन उम्मीदवारों की परीक्षा 9, 10 और 12 जून 2026 को होगी, वे 21 मई 2026 से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर पाएंगे। इनमें अग्निवीर जीडी, अग्निवीर ट्रेड्समैन 8वीं पास, सोल्जर टेक एनए, अग्निवीर महिला मिलिट्री पुलिस और अग्निवीर क्लर्क एवं एसकेटी कैटेगरी के अभ्यर्थी शामिल हैं।
उम्मीदवार बेहद आसान तरीके से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर लॉगिन करना होगा।
लिखित परीक्षा में सफल होने वाले उम्मीदवारों को अगले चरण यानी फिजिकल टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा। भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती में फिजिकल टेस्ट को चार ग्रुप में बांटा गया है। इसमें दौड़ और पुल अप्स के आधार पर अंक दिए जाएंगे।
ग्रुप 1 में उम्मीदवारों को 5 मिनट 30 सेकेंड में 1.6 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी। इसके लिए 60 अंक निर्धारित हैं। साथ ही 10 पुल अप्स लगाने होंगे, जिसके लिए 40 अंक मिलेंगे।
ग्रुप 2 में 5 मिनट 45 सेकेंड में 1.6 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी। इसके लिए 48 अंक मिलेंगे। उम्मीदवारों को 9 पुल अप्स लगाने होंगे, जिनके लिए 33 अंक तय हैं।
ग्रुप 3 में 6 मिनट में 1.6 किलोमीटर दौड़ पूरी करनी होगी और 8 पुल अप्स लगाने होंगे। वहीं ग्रुप 4 में 6 मिनट 15 सेकेंड में दौड़ पूरी करनी होगी। इसमें 7 पुल अप्स पर 21 अंक और 6 पुल अप्स पर 16 अंक दिए जाएंगे।
अग्निवीर भर्ती फिजिकल टेस्ट में कुछ चरण केवल क्वालिफाइंग होंगे। इसमें 9 फीट लंबी कूद और जिग जैग बैलेंस टेस्ट शामिल हैं। इन दोनों में सिर्फ पास होना जरूरी होगा, इनके लिए अलग से अंक नहीं दिए जाएंगे।
भारतीय सेना ने कुछ दिन पहले अग्निवीर भर्ती लिखित परीक्षा की तैयारी के लिए सैंपल पेपर भी जारी किए थे। उम्मीदवार इन सैंपल पेपर की मदद से परीक्षा पैटर्न और प्रश्नों के स्तर को समझ सकते हैं। इससे तैयारी को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के बाद उसमें दर्ज सभी जानकारी ध्यान से जांच लें और परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचें।
विज्ञापन