विज्ञापन
Indian Army Agniveer Admit Card 2026 15 मई से जारी होंगे। जानें परीक्षा तिथि, भर्ती प्रक्रिया, फिजिकल टेस्ट, सैलरी और पूरी डिटेल ।

इंडियन आर्मी अग्निवीर भर्ती 2026 की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है। सेना की ओर से जारी नोटिस के अनुसार, अग्निवीर भर्ती की लिखित परीक्षा यानी ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) के एडमिट कार्ड 15 मई 2026 से जारी किए जाएंगे। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर जाकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। यह परीक्षा 1 जून 2026 से 15 जून 2026 तक आयोजित की जाएगी।
अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे समय पर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लें, क्योंकि बिना एडमिट कार्ड के परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सेना की वेबसाइट पर स्पष्ट किया गया है कि ऑनलाइन परीक्षा निर्धारित तिथियों के अनुसार आयोजित होगी। इसके साथ ही जिन उम्मीदवारों के आवेदन रद्द किए गए हैं, उनकी फीस 15 मई 2026 तक उसी माध्यम से वापस कर दी जाएगी जिससे भुगतान किया गया था।
इस भर्ती प्रक्रिया के तहत अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर टेक्निकल, अग्निवीर क्लर्क और स्टोर कीपर टेक्निकल, अग्निवीर ट्रेड्समैन दसवीं पास और आठवीं पास जैसे पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके अलावा जेसीओ और ओआर रैंक के तहत धार्मिक शिक्षक, हवलदार शिक्षा, सिपाही फार्मा और सैनिक तकनीकी नर्सिंग असिस्टेंट तथा वेटनरी पदों के लिए भी उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
लिखित परीक्षा में सफल होने वाले उम्मीदवारों को फिजिकल टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा। फिजिकल टेस्ट चार अलग-अलग ग्रुप में आयोजित किया जाएगा, जिसमें 1.6 किलोमीटर की दौड़ और पुल अप्स के आधार पर अंक दिए जाएंगे। अलग-अलग ग्रुप के लिए समय और अंक निर्धारित किए गए हैं, जिससे उम्मीदवारों की फिटनेस का मूल्यांकन किया जाएगा। इसके अलावा लंबी कूद और जिग जैग बैलेंस टेस्ट केवल क्वालिफाइंग होंगे, जिनमें पास होना अनिवार्य होगा।
अग्निवीर भर्ती अग्निपथ योजना के तहत की जाती है, जिसमें युवाओं को चार साल के लिए सेना में सेवा करने का अवसर मिलता है। इस अवधि के बाद लगभग 75 प्रतिशत अग्निवीरों को सेवा से मुक्त कर दिया जाएगा, जबकि 25 प्रतिशत को स्थायी सैनिक के रूप में नियुक्त किया जाएगा। सेवा के दौरान अग्निवीरों को मेडिकल सुविधा और अन्य सैन्य लाभ भी दिए जाते हैं।
अग्निवीरों को पहले साल 30 हजार रुपये प्रति माह सैलरी दी जाती है, जो हर साल बढ़ती है और चौथे साल तक 40 हजार रुपये तक पहुंच जाती है। हालांकि इसमें से 30 प्रतिशत राशि सेवा निधि फंड में जमा की जाती है, जिसमें सरकार भी बराबर का योगदान देती है। चार साल की सेवा पूरी करने के बाद यह राशि ब्याज सहित लगभग 11.71 लाख रुपये हो जाती है, जो अग्निवीर को एकमुश्त दी जाती है।
उम्मीदवारों की तैयारी को बेहतर बनाने के लिए इंडियन आर्मी की ओर से पहले ही सैंपल पेपर जारी किए जा चुके हैं। अभ्यर्थी इनकी मदद से परीक्षा पैटर्न को समझ सकते हैं और अपनी तैयारी को मजबूत कर सकते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन