विज्ञापन
भारतीय नौसेना अग्निवीर अपरेंटिस भर्ती 2026 शुरू हो चुकी है। 10वीं पास और डिप्लोमा धारकों के लिए आवेदन अवसर, जानें योग्यता, सैलरी, चयन प्रक्रिया और आवेदन प्रक्रिया की पूरी जानकारी।

भारतीय नौसेना ने अग्निवीर (अप्रेंटिस) भर्ती 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह भर्ती खास तौर पर इंजीनियरिंग और इलेक्ट्रिकल स्ट्रीम के डिप्लोमा धारकों के लिए निकाली गई है। इस भर्ती के तहत उम्मीदवारों को भारतीय नौसेना में प्रशिक्षण और सेवा का अवसर मिलेगा। आवेदन प्रक्रिया 5 जून 2026 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का 10वीं कक्षा में कम से कम 50 प्रतिशत अंक होना जरूरी है। इसके साथ ही उम्मीदवार के पास AICTE से मान्यता प्राप्त संस्थान से संबंधित विषय में तीन वर्षीय डिप्लोमा होना चाहिए, जिसमें भी कम से कम 50 प्रतिशत अंक होने अनिवार्य हैं। यह भर्ती केवल अविवाहित पुरुष उम्मीदवारों के लिए आयोजित की जा रही है।
इस भर्ती को दो बैचों 01/2027 और 02/2027 के तहत आयोजित किया जा रहा है। 01/2027 बैच के लिए उम्मीदवार का जन्म 1 दिसंबर 2004 से 31 मई 2009 के बीच होना चाहिए। वहीं 02/2027 बैच के लिए जन्म 1 मई 2005 से 31 अक्टूबर 2009 के बीच निर्धारित किया गया है।
उम्मीदवारों का चयन कई चरणों में किया जाएगा। सबसे पहले इंडियन नेवी एंट्रेंस टेस्ट आयोजित होगा, जो अगस्त 2026 में होने की संभावना है। यह परीक्षा कंप्यूटर आधारित होगी जिसमें 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में होगी। इसमें अंग्रेजी, गणित, सामान्य ज्ञान, विज्ञान और संबंधित डिप्लोमा ट्रेड से प्रश्न शामिल होंगे। परीक्षा की अवधि 1 घंटे की होगी।
पहले चरण में सफल उम्मीदवारों को आगे फिजिकल फिटनेस टेस्ट, लिखित परीक्षा और मेडिकल परीक्षण के लिए बुलाया जाएगा।
फिजिकल टेस्ट में उम्मीदवार को 1.6 किलोमीटर की दौड़ 6 मिनट 30 सेकंड में पूरी करनी होगी। इसके साथ ही 20 स्क्वैट्स, 15 पुश-अप्स और 15 सिट-अप्स भी करने होंगे। यह चरण चयन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा होगा।
चयनित अग्निवीरों को पहले वर्ष में 30,000 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। चार साल की सेवा अवधि के दौरान वेतन में धीरे-धीरे वृद्धि होगी। इसके अलावा जोखिम भत्ता, ड्रेस भत्ता और यात्रा भत्ता भी दिया जाएगा। सेवा पूरी होने पर सेवा निधि योजना के तहत एकमुश्त राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही पूरे सेवा काल के दौरान 48 लाख रुपये का जीवन बीमा कवर भी मिलेगा
इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट भारतीय नौसेना भर्ती पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया के दौरान रजिस्ट्रेशन करके लॉगिन आईडी से फॉर्म भरना होगा, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे और शुल्क जमा करना होगा। आवेदन की अंतिम तिथि 29 जून 2026 निर्धारित की गई है।
यह भर्ती उन युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर है जो तकनीकी योग्यता के साथ भारतीय नौसेना में करियर बनाना चाहते हैं। सीमित समय में आवेदन प्रक्रिया पूरी करके उम्मीदवार इस सुनहरे अवसर का लाभ उठा सकते हैं।
विज्ञापन