विज्ञापन
एमपीपीएससी प्रीलिम्स रिजल्ट 2026 जारी कर दिया गया है। 3786 उम्मीदवार मेन्स परीक्षा के लिए चयनित हुए हैं। जानें 156 पदों पर किस विभाग में कितनी वैकेंसी है और आगे की प्रक्रिया क्या होगी।

मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग ने राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। आयोग द्वारा जारी परिणाम में कुल 3,786 उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। इनमें 3,055 उम्मीदवार नियमित मेरिट सूची में शामिल किए गए हैं, जबकि 731 उम्मीदवारों को प्रोविजनल सूची में रखा गया है। अभ्यर्थी अपना रिजल्ट आयोग की आधिकारिक वेबसाइट mppsc.mp.gov.in पर जाकर चेक कर सकते हैं।
इस बार आयोग ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया पहले से घोषित 156 पदों पर ही पूरी की जाएगी और अब रिक्तियों की संख्या में कोई बढ़ोतरी नहीं होगी। प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 26 अप्रैल को प्रदेश के 54 जिला मुख्यालयों में दो पालियों में किया गया था।
एमपीपीएससी ने बताया कि राज्य सेवा परीक्षा 2019 से जुड़े लंबित न्यायालयीन मामलों और ओबीसी आरक्षण से संबंधित निर्देशों के कारण रिजल्ट को दो हिस्सों में जारी किया गया है। आयोग के अनुसार 87 प्रतिशत रिक्तियों को नियमित भर्ती प्रक्रिया के तहत रखा गया है, जबकि 13 प्रतिशत रिक्तियां विवादित आरक्षण व्यवस्था से जुड़ी होने के कारण प्रोविजनल श्रेणी में रखी गई हैं।
आयोग ने साफ कहा है कि दोनों सूचियां पूरी तरह अलग रहेंगी और इनमें किसी प्रकार की अदला बदली नहीं की जाएगी। यानी नियमित सूची और प्रोविजनल सूची के उम्मीदवारों की प्रक्रिया अलग-अलग चलेगी।
राज्य सेवा परीक्षा 2026 के तहत कुल 156 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें विभिन्न वर्गों के लिए अलग-अलग आरक्षण तय किया गया है।
अनारक्षित वर्ग के लिए 41 पद निर्धारित किए गए हैं। अनुसूचित जाति वर्ग को 20 पद, अनुसूचित जनजाति वर्ग को 33 पद और अन्य पिछड़ा वर्ग को 42 पद दिए गए हैं। इसके अलावा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 20 पद आरक्षित किए गए हैं। दिव्यांग और पूर्व सैनिक अभ्यर्थियों के लिए भी नियमानुसार आरक्षण लागू रहेगा।
ओबीसी वर्ग के 42 पदों में से 26 पद नियमित सूची में रखे गए हैं, जबकि 16 पद प्रोविजनल श्रेणी में शामिल किए गए हैं।
राज्य सेवा परीक्षा के जरिए कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक और विभागीय पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें सबसे ज्यादा 39 पद विकास खंड महिला सशक्तिकरण अधिकारी के लिए निर्धारित किए गए हैं।
इसके अलावा प्रमुख पदों की जानकारी इस प्रकार है:
एमपीपीएससी ने आगामी परीक्षाओं का संशोधित कैलेंडर भी जारी किया है। आयोग के अनुसार सबसे पहले 17 मई को सहायक कुल सचिव भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा के जरिए कुल 12 पदों पर भर्ती होगी।
इसके बाद जुलाई से सहायक प्राध्यापक परीक्षा 2025 का आयोजन अलग-अलग चरणों में किया जाएगा। पहला चरण 12 जुलाई को होगा, जिसमें छह विषयों की परीक्षा ली जाएगी। दूसरा चरण 2 अगस्त को आयोजित किया जाएगा और इसमें भी छह विषय शामिल होंगे।
तीसरा चरण 30 अगस्त को आयोजित होगा, जबकि चौथे चरण की परीक्षा 18 अक्टूबर को होगी। आयोग ने बताया कि अंतिम चरण में दो विषयों के उम्मीदवार शामिल होंगे।
प्रीलिम्स परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को अब मुख्य परीक्षा की तैयारी करनी होगी। आयोग जल्द ही मुख्य परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर सकता है। ऐसे में चयनित उम्मीदवारों को सलाह दी जा रही है कि वे आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें।
विज्ञापन