PCS 2025 के 2297 सफल अभ्यर्थियों के इंटरव्यू को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने मंजूरी दी। जानें 28 सितंबर से 24 अक्तूबर तक होने वाले इंटरव्यू का पूरा शेड्यूल और जरूरी निर्देश।

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की पीसीएस 2025 भर्ती प्रक्रिया को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को पीसीएस 2025 के इंटरव्यू आयोजित करने की अनुमति दे दी है। इसके बाद आयोग 28 सितंबर से साक्षात्कार की प्रक्रिया शुरू कर सकेगा। पीसीएस 2025 के इंटरव्यू 28 सितंबर से 24 अक्तूबर तक विभिन्न कार्यदिवसों में आयोजित किए जाएंगे। यह आदेश न्यायमूर्ति मनीष कुमार निगम ने पीसीएस 2025 भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी याचिका पर सुनवाई के दौरान दिया। इस मामले में आरक्षण व्यवस्था, अनारक्षित श्रेणी में मेधावी आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के समायोजन और उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के 9 जनवरी 2020 के कार्यालय ज्ञाप को लेकर सवाल उठाए गए थे।
पीसीएस 2025 की मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के साक्षात्कार को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की गई थी। शुक्रवार को हुई सुनवाई में याचियों की ओर से अधिवक्ता अभिषेक शुक्ल ने पक्ष रखा। वहीं, राज्य सरकार और उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से अपर महाधिवक्ता मनीष गोयल और डॉ. अवनीश त्रिपाठी ने अपनी दलीलें पेश कीं। सुनवाई के दौरान याचियों की ओर से आरक्षण व्यवस्था और अनारक्षित श्रेणी में आरक्षित वर्ग के मेधावी अभ्यर्थियों के समायोजन को लेकर महत्वपूर्ण सवाल उठाए गए। हालांकि, हाईकोर्ट ने आयोग को पीसीएस 2025 के इंटरव्यू आयोजित करने की अनुमति दे दी है। इसके साथ ही तय कार्यक्रम के अनुसार साक्षात्कार प्रक्रिया आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया है।
याचिका में यह सवाल उठाया गया कि यदि आरक्षित वर्ग का कोई अभ्यर्थी बिना किसी छूट या रियायत के अनारक्षित कटऑफ के बराबर या उससे अधिक अंक हासिल करता है, तो क्या उसे प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा के चरणों में अनारक्षित या खुली प्रतियोगिता से बाहर किया जा सकता है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश लोक सेवा अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों व अन्य पिछड़े वर्गों के लिए आरक्षण अधिनियम 1994 की धारा 3(6), 9 जनवरी 2020 के कार्यालय ज्ञाप और पीसीएस 2025 के विज्ञापन में दी गई संबंधित शर्तों के बीच कथित असंगति का मुद्दा भी उठाया गया।
याचियों की ओर से यह दलील भी दी गई कि खुली या अनारक्षित श्रेणी सभी पात्र अभ्यर्थियों के लिए मेरिट के आधार पर प्रतियोगिता का क्षेत्र है। ऐसे में बिना किसी छूट या रियायत के अनारक्षित कटऑफ के बराबर या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को केवल उनकी श्रेणी के आधार पर अलग रखने का सवाल समान अवसर के संवैधानिक सिद्धांत से जुड़ता है।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने हाल ही में सम्मिलित राज्य प्रवर अधीनस्थ सेवा यानी PCS 2025 की मुख्य परीक्षा में सफल 2297 अभ्यर्थियों के इंटरव्यू का कार्यक्रम जारी किया था। अब हाईकोर्ट से अनुमति मिलने के बाद इन अभ्यर्थियों के साक्षात्कार तय कार्यक्रम के अनुसार आयोजित किए जा सकेंगे। PCS 2025 Interview की प्रक्रिया 28 सितंबर से शुरू होगी और 24 अक्तूबर तक चलेगी। साक्षात्कार विभिन्न कार्यदिवसों में दो पालियों में होंगे। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से आयोजित की जाएगी।
ये भी पढ़ें: IBPS PO Mains Admit Card 2026 जारी, 7565 पदों की भर्ती, ऐसे करें डाउनलोड
पीसीएस 2025 के साक्षात्कार 28, 29 और 30 सितंबर को होंगे। इसके बाद 1, 5, 6, 7, 8, 9, 12, 13, 14, 15, 16, 17, 21, 22, 23 और 24 अक्तूबर को साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे।
अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर ऑनलाइन ऑथेटिकेशन प्रक्रिया पूरी करके अपना इंटरव्यू लेटर डाउनलोड कर सकते हैं। आयोग की ओर से अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि और समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षा नियंत्रक हर्षदेव पांडेय के अनुसार, जिन अभ्यर्थियों का साक्षात्कार प्रथम सत्र में है, उन्हें सुबह 8 बजे आयोग परिसर स्थित सरस्वती भवन में पहुंचना सुनिश्चित करना होगा। वहीं, द्वितीय सत्र के अभ्यर्थियों को दोपहर 12:30 बजे पहुंचना होगा।
साक्षात्कार के समय अभ्यर्थियों को अपनी शैक्षिक अर्हताओं से संबंधित सभी अंकतालिकाओं, उपाधि और प्रमाण पत्रों की मूल प्रतियां साथ लानी होंगी। इसलिए अभ्यर्थियों के लिए जरूरी है कि वे इंटरव्यू से पहले अपने सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार रखें।
पीसीएस 2025 भर्ती के लिए विभिन्न विभागों में रिक्त पदों का विस्तृत ब्योरा भी जारी किया गया है। इसमें प्रशासनिक, पुलिस, राजस्व, विकास, श्रम और खाद्य सुरक्षा सहित कई विभागों के पद शामिल हैं। अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के समय निर्धारित प्रारूप में अधिमान्यता या वरीयता पत्र भी देना होगा। आयोग ने इसके लिए संबंधित प्रपत्र जारी किया है। अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के दौरान निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार इस प्रपत्र को प्रस्तुत करना होगा।
पीसीएस 2025 भर्ती में पुलिस उपाधीक्षक और आबकारी निरीक्षक के पदों के लिए अलग-अलग शारीरिक मानक निर्धारित किए गए हैं। इन पदों के लिए संबंधित अभ्यर्थियों को निर्धारित शारीरिक मानकों से जुड़ी शर्तों का पालन करना होगा।
ये भी पढ़ें: SSC CGL 2026: अभ्यर्थियों को झटका! 1525 पद घटे, देखें नई वैकेंसी डिटेल्स
पीसीएस 2025 के इंटरव्यू 28 सितंबर से 24 अक्तूबर तक चलेंगे। ऐसे में उपलब्ध कार्यक्रम के आधार पर पीसीएस 2025 का अंतिम परिणाम अक्तूबर के अंतिम दिनों में जारी होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, परिणाम जारी करने की निश्चित तारीख की जानकारी आयोग की ओर से अलग से सामने आने पर ही स्पष्ट होगी।
फिलहाल हाईकोर्ट की अनुमति के बाद पीसीएस 2025 की चयन प्रक्रिया का अगला महत्वपूर्ण चरण यानी इंटरव्यू तय कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ सकेगा। मुख्य परीक्षा में सफल 2297 अभ्यर्थियों की नजर अब साक्षात्कार प्रक्रिया और इसके बाद जारी होने वाले अंतिम परिणाम पर रहेगी।
सरकारी नौकरी से जुड़े सभी अपडेट पढ़ने के लिए आप हमारे साथ बने रहें, चेतना मंच के न्यूज पोर्टल www.chetnamanch.com पर।
विज्ञापन