राजस्थान सफाई कर्मचारी भर्ती 2026 के तहत 24,752 पदों पर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस भर्ती में कोई लिखित परीक्षा या इंटरव्यू नहीं होगा। जानें आवेदन तिथि, योग्यता, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया, वेतन, अनुभव और पूरी जानकारी।

राजस्थान में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। राज्य सरकार ने प्रदेश के 183 नगरीय निकायों में 24,752 सफाई कर्मचारियों की भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। यह भर्ती संविदा के आधार पर की जाएगी और चयनित अभ्यर्थियों को 5 वर्ष तक संतोषजनक सेवा देने के बाद नियमित (स्थायी) किया जाएगा। इस भर्ती की सबसे खास बात यह है कि इसमें न तो कोई लिखित परीक्षा होगी और न ही इंटरव्यू। अभ्यर्थियों का चयन ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।
इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 15 अगस्त 2026 से शुरू होगी और 28 सितंबर 2026 तक आवेदन किए जा सकेंगे। इच्छुक अभ्यर्थी एसएसओ आईडी या राजस्थान स्वायत्त शासन निदेशालय की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करते समय लाइव फोटो अपलोड करना अनिवार्य होगा।
राज्य सरकार ने यह भर्ती प्रदेश के नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिकाओं में रिक्त पदों को भरने के लिए निकाली है। अभ्यर्थी अपनी इच्छा के अनुसार केवल एक ही नगरीय निकाय के लिए आवेदन कर सकेंगे। यदि कोई अभ्यर्थी एक से अधिक निकायों में आवेदन करता है, तो उसके सभी आवेदन निरस्त कर दिए जाएंगे।
इस भर्ती के लिए कोई न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता निर्धारित नहीं की गई है। यानी अनपढ़ अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, आवेदन करने वाले अभ्यर्थी का राजस्थान का मूल निवासी होना अनिवार्य है।
1 जनवरी 2027 के अनुसार अभ्यर्थी की आयु 21 वर्ष से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। महिला अभ्यर्थियों और आरक्षित वर्गों जैसे एससी, एसटी, ओबीसी, एमबीसी और ईडब्ल्यूएस को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में 5 से 10 वर्ष तक की छूट मिलेगी।
भर्ती में आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी के पास सफाई कार्य का कम से कम एक वर्ष का व्यावहारिक अनुभव होना चाहिए। यह अनुभव राज्य के किसी भी नगरीय निकाय, केंद्र या राज्य सरकार के उपक्रम अथवा अधिकृत ठेकेदार या संस्था में प्राप्त किया गया होना चाहिए।
अनुभव प्रमाण पत्र सक्षम अधिकारी द्वारा सत्यापित होना चाहिए और 1 अगस्त 2026 के बाद जारी किया गया प्रमाण पत्र ही मान्य होगा।
इस भर्ती में किसी प्रकार की लिखित परीक्षा या इंटरव्यू आयोजित नहीं किया जाएगा। चयन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी।
दस्तावेजों की जांच के बाद सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग (DoIT&C) के सॉफ्टवेयर के माध्यम से ऑनलाइन लॉटरी निकाली जाएगी और उसी के आधार पर चयन होगा।
भर्ती में सबसे पहले संबंधित नगरीय निकाय के अनुभवी स्थानीय अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
यह भर्ती राजस्थान कॉन्ट्रेक्चुअल हायरिंग टू सिविल पोस्ट्स रूल्स 2022 के तहत की जा रही है। संविदा अवधि के दौरान चयनित अभ्यर्थियों को 7,410 रुपये प्रतिमाह का नियत मानदेय दिया जाएगा।
सरकार के अनुसार, 5 वर्ष तक संतोषजनक सेवा देने के बाद कर्मचारियों को नियमित किया जाएगा।
सबसे अधिक पद जयपुर में निकाले गए हैं। इसके अलावा कई बड़े शहरों में भी बड़ी संख्या में रिक्तियां हैं।
भर्ती में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 4 प्रतिशत और उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए 2 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। एससी, एसटी, ओबीसी, एमबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग को भी नियमानुसार आरक्षण का लाभ दिया जाएगा।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थी केवल एक ही नगरीय निकाय का चयन करें। आवेदन के समय लाइव फोटो अपलोड करना अनिवार्य होगा। साथ ही अनुभव प्रमाण पत्र निर्धारित नियमों के अनुसार और तय तिथि के बाद जारी किया गया होना चाहिए। आवेदन करने से पहले सभी पात्रता शर्तों की अच्छी तरह जांच करना आवश्यक है।
विज्ञापन