विज्ञापन
RBI Grade B Recruitment 2026 की आवेदन प्रक्रिया आज 20 मई को समाप्त हो रही है। जानें कितनी वैकेंसी हैं, क्या योग्यता चाहिए, कितनी मिलेगी सैलरी और क्यों UPSC अभ्यर्थियों के लिए यह भर्ती शानदार प्लान B मानी जा रही है।

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया यानी आरबीआई की ओर से निकाली गई ग्रेड बी ऑफिसर भर्ती 2026 के लिए आवेदन करने की आज अंतिम तिथि है। ऐसे में जो उम्मीदवार अभी तक आवेदन नहीं कर पाए हैं, उनके पास आज आखिरी मौका है। इच्छुक अभ्यर्थी आरबीआई की आधिकारिक वेबसाइट rbi.org.in और opportunities.rbi.org.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती के जरिए कुल 60 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। खास बात यह है कि करियर एक्सपर्ट्स इस भर्ती को यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक शानदार प्लान B मान रहे हैं।
UPSC अभ्यर्थियों के लिए क्यों खास है RBI Grade B भर्ती
हर साल यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के लिए करीब 9 से 10 लाख उम्मीदवार आवेदन करते हैं, लेकिन अंतिम चयन केवल लगभग 900 से 1000 उम्मीदवारों का ही हो पाता है। ऐसे में बड़ी संख्या में प्रतिभाशाली छात्र चयन से वंचित रह जाते हैं। करियर विशेषज्ञों का मानना है कि आरबीआई ग्रेड बी ऑफिसर भर्ती ऐसे उम्मीदवारों के लिए बेहतरीन विकल्प साबित हो सकती है।
यूपीएससी की तैयारी करने वाले छात्रों की जनरल स्टडीज, अर्थव्यवस्था, करेंट अफेयर्स और लेखन क्षमता पहले से मजबूत होती है। यही विषय आरबीआई ग्रेड बी परीक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए यूपीएससी की तैयारी करने वाले उम्मीदवार इस परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।
इस भर्ती अभियान के तहत ऑफिसर ग्रेड बी जनरल के 40 पद भरे जाएंगे। वहीं डिपार्टमेंट ऑफ इकोनॉमिक एंड पॉलिसी रिसर्च यानी डीईपीआर के लिए 10 पद और डिपार्टमेंट ऑफ स्टैटिस्टिक्स एंड इंफॉर्मेशन मैनेजमेंट यानी डीएसआईएम के लिए 10 पद निर्धारित किए गए हैं।
आरबीआई ने साफ किया है कि ग्रेड बी जनरल पदों के लिए ऐसे उम्मीदवारों को भी आवेदन करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है जिनके पास किसी तरह का पूर्व कार्य अनुभव नहीं है।
ग्रेड बी जनरल पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास कम से कम 60 प्रतिशत अंकों के साथ ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। वहीं एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा कम से कम 55 प्रतिशत अंकों के साथ पोस्ट ग्रेजुएशन करने वाले उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए पोस्ट ग्रेजुएशन में केवल पासिंग मार्क्स पर्याप्त होंगे।
उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष तय की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट भी मिलेगी।
आरबीआई ग्रेड बी ऑफिसर पद देश की सबसे प्रतिष्ठित सरकारी नौकरियों में गिना जाता है। चयनित उम्मीदवारों को शुरुआत में 35,150 रुपये बेसिक पे दिया जाएगा। इसके अलावा महंगाई भत्ता और अन्य सुविधाएं मिलाकर शुरुआती मासिक वेतन लगभग 83,254 रुपये तक पहुंच सकता है। यही वजह है कि यह नौकरी युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय मानी जाती है।
ग्रेड बी जनरल पदों के लिए फेज 1 ऑनलाइन परीक्षा 13 जून 2026 को आयोजित होगी, जबकि फेज 2 परीक्षा 25 जुलाई 2026 को होगी। वहीं डीईपीआर और डीएसआईएम पदों के लिए फेज 1 परीक्षा 14 जून 2026 को और फेज 2 परीक्षा 26 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी।
चयन प्रक्रिया में सबसे पहले फेज 1 परीक्षा होगी। इसमें सफल उम्मीदवारों को फेज 2 के लिए बुलाया जाएगा। इसके बाद इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा और अंत में फाइनल मेरिट लिस्ट जारी होगी।
आरबीआई के अनुसार सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग के वे उम्मीदवार जिन्होंने पहले ही छह बार फेज 1 परीक्षा में हिस्सा ले लिया है, वे इस भर्ती के लिए आवेदन नहीं कर सकेंगे। हालांकि एससी, एसटी, ओबीसी और दिव्यांग उम्मीदवारों पर यह सीमा लागू नहीं होगी, यदि पद उनके लिए आरक्षित हैं।
ऐसे में जो उम्मीदवार बैंकिंग सेक्टर में प्रतिष्ठित सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे हैं और यूपीएससी के साथ मजबूत बैकअप करियर विकल्प चाहते हैं, उनके लिए आरबीआई ग्रेड बी भर्ती 2026 एक सुनहरा अवसर साबित हो सकती है।
विज्ञापन