विज्ञापन
रेलवे सेक्शन कंट्रोलर भर्ती 2026 के 119 पदों पर आवेदन 15 जुलाई से शुरू होंगे। जानें योग्यता, आयु सीमा, सैलरी, चयन प्रक्रिया, परीक्षा पैटर्न, आवेदन शुल्क और पूरी जानकारी।

रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। रेलवे भर्ती बोर्ड ने सेक्शन कंट्रोलर के 119 पदों पर भर्ती का शॉर्ट नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। एनटीपीसी, एएलपी और टेक्नीशियन जैसी बड़ी भर्तियों के बाद यह एक और महत्वपूर्ण भर्ती है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 जुलाई 2026 से शुरू होगी, जबकि आवेदन करने की अंतिम तिथि 14 अगस्त 2026 तय की गई है। किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक (ग्रेजुएट) उम्मीदवार इस भर्ती के लिए आवेदन कर सकेंगे।
रेलवे सेक्शन कंट्रोलर भर्ती 2026 के लिए न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम आयु 33 वर्ष निर्धारित की गई है। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में पांच वर्ष तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों को तीन वर्ष की छूट मिलेगी। यह पे लेवल 6 का पद है, जिसमें शुरुआती वेतन 35,400 रुपये निर्धारित किया गया है। इस भर्ती के लिए एल2 मेडिकल स्टैंडर्ड लागू होगा।
रेलवे ने सेक्शन कंट्रोलर के पदों पर पिछले वर्ष भी भर्ती निकाली थी। उस समय कुल 368 पद थे, जबकि इस बार केवल 119 पदों पर भर्ती की जाएगी। ऐसे में प्रतियोगिता पहले की तुलना में अधिक रहने की संभावना है।
इस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन एक चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा यानी सीबीटी, इसके बाद सीबैट, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल टेस्ट के आधार पर किया जाएगा। रेलवे भर्ती बोर्ड के अनुसार सीबीटी में सफल होने वाले अभ्यर्थियों में से रिक्तियों के आठ गुना उम्मीदवारों को सीबैट के लिए बुलाया जाएगा।
ये भी पढ़ें: JSSC ने निकाली 326 पदों पर भर्ती, 12वीं पास के लिए सुनहरा मौका, जानें पूरी डिटेल
इस भर्ती की सबसे खास बात यह है कि सीबीटी परीक्षा में सामान्य ज्ञान, करेंट अफेयर्स या अंग्रेजी विषय से प्रश्न नहीं पूछे जाएंगे। परीक्षा में केवल गणित और रीजनिंग से जुड़े प्रश्न शामिल होंगे। कुल 120 मिनट की परीक्षा में 100 प्रश्न पूछे जाएंगे। इनमें 60 अंक के एनालिटिकल और मैथ्स, 20 अंक के लॉजिकल कैपेबिलिटी तथा 20 अंक के मेंटल रीजनिंग के प्रश्न होंगे।
ये भी पढ़ें: बिजली विभाग में अफसर बनने का मौका, RVUNL ने निकाली 2005 पदों पर भर्ती
सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं सभी श्रेणी की महिला उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 250 रुपये रखा गया है।
उम्मीदवार निर्धारित तिथि से रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर सेक्शन कंट्रोलर भर्ती के लिंक के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के दौरान नाम, ईमेल आईडी, मोबाइल नंबर सहित आवश्यक जानकारी भरनी होगी और जरूरी दस्तावेजों की स्कैन कॉपी अपलोड करनी होगी। आवेदन शुल्क जमा करने के बाद फॉर्म को अंतिम रूप से सबमिट कर उसका प्रिंटआउट भविष्य के लिए सुरक्षित रखना चाहिए।
विज्ञापन