विज्ञापन
RRB Technician Vacancy 2026 के तहत रेलवे में 6565 टेक्नीशियन पदों पर भर्ती निकली है। 10वीं और ITI पास उम्मीदवार 30 जून 2026 से आवेदन कर सकेंगे। जानें योग्यता, आयु सीमा, सैलरी और चयन प्रक्रिया की पूरी जानकारी।

भारतीय रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। रेलवे भर्ती बोर्ड यानी आरआरबी ने टेक्नीशियन के विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए शॉर्ट नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती अभियान के जरिए देशभर के अलग-अलग रेलवे जोनों में टेक्नीशियन ग्रेड 1 और टेक्नीशियन ग्रेड 3 के कुल 6565 रिक्त पदों को भरा जाएगा। रेलवे में नौकरी पाने का सपना देख रहे 10वीं पास और आईटीआई उम्मीदवारों के लिए यह शानदार मौका माना जा रहा है।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 30 जून 2026 से शुरू होगी और उम्मीदवार 29 जुलाई 2026 रात 11 बजकर 59 मिनट तक आवेदन कर सकेंगे। इच्छुक अभ्यर्थी रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक आवेदन वेबसाइट rrbapply.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर पाएंगे।
रेलवे भर्ती बोर्ड द्वारा जारी शॉर्ट नोटिफिकेशन के अनुसार इस भर्ती अभियान में टेक्नीशियन ग्रेड 1 सिग्नल और टेक्नीशियन ग्रेड 3 के पद शामिल किए गए हैं। इन पदों पर चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति देशभर के विभिन्न रेलवे जोनों में की जाएगी। रेलवे में तकनीकी क्षेत्र में करियर बनाने वाले युवाओं के लिए यह भर्ती काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
टेक्नीशियन ग्रेड 1 सिग्नल पद के लिए उम्मीदवारों के पास बीएससी की डिग्री होनी चाहिए। इसमें फिजिक्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, कंप्यूटर साइंस, आईटी या इंस्ट्रूमेंटेशन जैसे विषय शामिल हैं। इसके अलावा बीई, बीटेक या तीन वर्षीय इंजीनियरिंग डिप्लोमा रखने वाले उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं।
वहीं टेक्नीशियन ग्रेड 3 पद के लिए उम्मीदवार का 10वीं पास होना जरूरी है। साथ ही संबंधित ट्रेड में आईटीआई सर्टिफिकेट भी होना चाहिए। टेक्नीशियन ग्रेड 3 एस एंड टी पद के लिए 10वीं और आईटीआई के साथ फिजिक्स और मैथ्स विषय की योग्यता भी मांगी गई है।
टेक्नीशियन ग्रेड 1 सिग्नल पद के लिए उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 33 वर्ष निर्धारित की गई है। वहीं टेक्नीशियन ग्रेड 3 पद के लिए अधिकतम आयु सीमा 30 वर्ष तय की गई है। उम्मीदवारों की आयु की गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी।
आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
रेलवे भर्ती बोर्ड द्वारा जारी जानकारी के अनुसार टेक्नीशियन ग्रेड 1 सिग्नल पद पर चयनित उम्मीदवारों को सातवें वेतन आयोग के पे लेवल 5 के तहत हर महीने 29,200 रुपये सैलरी दी जाएगी। वहीं टेक्नीशियन ग्रेड 3 पद के लिए पे लेवल 2 के अनुसार 19,900 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा।
जनरल, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये रखा गया है। हालांकि सीबीटी 1 परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को 400 रुपये वापस कर दिए जाएंगे।
वहीं एससी, एसटी, महिला, ईबीसी और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 250 रुपये निर्धारित किया गया है। परीक्षा में शामिल होने के बाद इन उम्मीदवारों को पूरी फीस वापस कर दी जाएगी।
आरआरबी टेक्नीशियन भर्ती 2026 में उम्मीदवारों का चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा यानी सीबीटी के माध्यम से किया जाएगा। इसके बाद डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल परीक्षा आयोजित की जाएगी। उम्मीदवारों को निर्धारित मेडिकल मानकों को पूरा करना अनिवार्य होगा।
रेलवे भर्ती बोर्ड ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि आवेदन फॉर्म भरते समय अपनी सभी व्यक्तिगत जानकारी 10वीं के प्रमाण पत्र के अनुसार ही भरें। इसके अलावा आवेदन जमा करने से पहले आधार कार्ड लिंकिंग अनिवार्य होगी।
बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि उम्मीदवार प्रत्येक पे लेवल के लिए केवल एक ही आरआरबी जोन से आवेदन कर सकते हैं। यदि कोई उम्मीदवार एक से अधिक आवेदन करता है तो उसका फॉर्म रद्द कर दिया जाएगा।
रेलवे में सरकारी नौकरी की चाह रखने वाले युवाओं के लिए यह भर्ती अभियान एक बड़ा अवसर साबित हो सकता है। खासकर 10वीं पास और आईटीआई धारकों के लिए इतनी बड़ी संख्या में निकली भर्ती रोजगार का सुनहरा मौका लेकर आई है। ऐसे में इच्छुक उम्मीदवारों को आवेदन प्रक्रिया शुरू होने से पहले सभी जरूरी दस्तावेज तैयार रखने चाहिए ताकि समय रहते आवेदन किया जा सके।
विज्ञापन