विज्ञापन
SBI Apprentice Vacancy 2026 के तहत 7000 से ज्यादा पदों पर भर्ती शुरू हो गई है। जानें योग्यता, आयु सीमा, सैलरी, चयन प्रक्रिया, आवेदन की अंतिम तारीख और SBI क्लर्क भर्ती में मिलने वाले फायदे।

देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक ने युवाओं के लिए बड़ी भर्ती का ऐलान किया है। एसबीआई ने अप्रेंटिस के 7000 से ज्यादा पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की शुरुआत 19 मई 2026 से हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 8 जून 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। बैंकिंग सेक्टर में करियर बनाने का सपना देखने वाले ग्रेजुएट युवाओं के लिए यह शानदार मौका माना जा रहा है। खास बात यह है कि एसबीआई अप्रेंटिस ट्रेनिंग पूरी करने वाले उम्मीदवारों को भविष्य में होने वाली एसबीआई क्लर्क भर्ती में अतिरिक्त लाभ भी मिलेगा।
इस भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से किसी भी विषय में ग्रेजुएट होना जरूरी है। उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम आयु 28 वर्ष तय की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट भी दी जाएगी।
एसबीआई अप्रेंटिस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है। उम्मीदवार बैंक की आधिकारिक वेबसाइट और अप्रेंटिसशिप पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 300 रुपये रखा गया है, जबकि एससी, एसटी और अन्य आरक्षित वर्गों के उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क में छूट दी गई है।
एसबीआई ने इस भर्ती के तहत देश के अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में वैकेंसी जारी की हैं। उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा 561 पदों पर भर्ती होगी। इसके अलावा महाराष्ट्र में 504, तेलंगाना में 491, पश्चिम बंगाल में 460, केरल में 403 और तमिलनाडु में 396 पद निर्धारित किए गए हैं। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और जम्मू कश्मीर समेत कई राज्यों में भी बड़ी संख्या में सीटें निकाली गई हैं।
यह भर्ती उन युवाओं के लिए खास अवसर है जो बैंकिंग क्षेत्र में अनुभव हासिल करना चाहते हैं और भविष्य में एसबीआई क्लर्क जैसी बड़ी भर्तियों में मजबूत दावेदारी बनाना चाहते हैं।
एसबीआई अप्रेंटिस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन ऑनलाइन लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। परीक्षा कुल 60 मिनट की होगी जिसमें 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा में जनरल अवेयरनेस, फाइनेंशियल अवेयरनेस, जनरल इंग्लिश, क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड और रीजनिंग एबिलिटी एंड कंप्यूटर एप्टीट्यूड जैसे विषय शामिल होंगे।
प्रत्येक गलत उत्तर पर एक चौथाई अंक की नेगेटिव मार्किंग भी लागू होगी। जनरल इंग्लिश को छोड़कर अन्य सभी विषयों के प्रश्न हिंदी और अंग्रेजी समेत कई क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध होंगे।
ऑनलाइन परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों को संबंधित राज्य की स्थानीय भाषा का टेस्ट भी देना होगा। उम्मीदवार को उस भाषा को पढ़ना, लिखना, बोलना और समझना आना चाहिए। हालांकि जिन उम्मीदवारों ने 10वीं या 12वीं में संबंधित स्थानीय भाषा पढ़ी है, उन्हें इस टेस्ट से छूट मिल सकती है।
एसबीआई ने साफ किया है कि अप्रेंटिस भर्ती नियमित नौकरी नहीं है। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद बैंक में स्थायी नौकरी मिलने की कोई गारंटी नहीं होगी। अप्रेंटिस को बैंक कर्मचारी का दर्जा भी नहीं मिलेगा और उन्हें बैंक कर्मचारियों जैसी सुविधाएं नहीं दी जाएंगी।
हालांकि ट्रेनिंग पूरी करने वाले उम्मीदवारों को भविष्य में होने वाली एसबीआई क्लर्क भर्ती में बड़ा फायदा मिलेगा। ऐसे उम्मीदवारों को आयु सीमा में अतिरिक्त छूट और मुख्य परीक्षा में बोनस अंक दिए जाएंगे। एसबीआई के प्रशिक्षित अप्रेंटिस को क्लर्क भर्ती की मुख्य परीक्षा में 5 बोनस अंक तक मिल सकते हैं, जिससे चयन की संभावना बढ़ जाती है।
एसबीआई अप्रेंटिस भर्ती में चयनित उम्मीदवारों को ट्रेनिंग अवधि के दौरान हर महीने 15 हजार रुपये स्टाइपेंड दिया जाएगा। यह ट्रेनिंग एक वर्ष की होगी। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद उम्मीदवारों को संयुक्त राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप प्रमाण पत्र भी मिलेगा, जो भविष्य में नौकरी पाने में मददगार साबित हो सकता है।
एसबीआई अप्रेंटिस भर्ती 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया 19 मई 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार 8 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। बैंकिंग सेक्टर में करियर बनाने वाले युवाओं के लिए यह भर्ती बेहतरीन मौका मानी जा रही है।
विज्ञापन