विज्ञापन
एसबीआई पीओ भर्ती 2026 के 1500 पदों पर आवेदन की आज अंतिम तिथि है। जानें 3 बड़े बदलाव, योग्यता, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया, सैलरी, आवेदन शुल्क और परीक्षा से जुड़ी पूरी जानकारी।

देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) की प्रोबेशनरी ऑफिसर (पीओ) भर्ती 2026 के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास अब आखिरी मौका बचा है। एसबीआई पीओ भर्ती 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि आज 8 जुलाई है। इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 1500 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। जो अभ्यर्थी अभी तक आवेदन नहीं कर पाए हैं, वे आज ही एसबीआई की आधिकारिक करियर वेबसाइट पर जाकर अपना आवेदन पूरा कर सकते हैं।
इस भर्ती में कुल 1500 रिक्त पदों में 588 पद अनारक्षित वर्ग, 390 पद अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), 234 पद अनुसूचित जाति (एससी), 144 पद अनुसूचित जनजाति (एसटी) और 144 पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के लिए निर्धारित किए गए हैं। इस बार की भर्ती में उम्मीदवारों के लिए तीन महत्वपूर्ण बदलाव भी किए गए हैं, जिन पर आवेदन करने से पहले ध्यान देना जरूरी है।
इस बार भर्ती प्रक्रिया में सबसे बड़ा बदलाव परीक्षा में मिलने वाले प्रयासों की संख्या को लेकर किया गया है। अब सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम 6 प्रयास मिलेंगे, जबकि पहले यह सीमा 4 थी। वहीं ओबीसी और पीडब्ल्यूडी वर्ग के उम्मीदवार अब अधिकतम 9 बार परीक्षा दे सकेंगे। एससी और एसटी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए पहले की तरह प्रयासों की कोई अधिकतम सीमा निर्धारित नहीं की गई है।
दूसरा बड़ा बदलाव मुख्य परीक्षा के डिस्क्रिप्टिव टेस्ट में किया गया है। पहले यह पेपर 50 अंकों का होता था, लेकिन अब इसे घटाकर 30 अंकों का कर दिया गया है। हालांकि ईमेल लेखन, रिपोर्ट लेखन और प्रेसी राइटिंग जैसे विषयों में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है।
तीसरा अहम बदलाव सैलरी और सीटीसी में बढ़ोतरी का है। इस बार क्लास ए शहरों, जैसे मुंबई, में शुरुआती अनुमानित सीटीसी बढ़ाकर लगभग 21.97 लाख रुपये सालाना कर दी गई है, जो पिछले वर्ष करीब 20.43 लाख रुपये थी।
एसबीआई पीओ भर्ती 2026 के लिए किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में स्नातक होना अनिवार्य है। अंतिम वर्ष या अंतिम सेमेस्टर के विद्यार्थी भी आवेदन कर सकते हैं, लेकिन उन्हें इंटरव्यू के समय 30 सितंबर 2026 या उससे पहले स्नातक उत्तीर्ण होने का प्रमाण प्रस्तुत करना होगा।
इस भर्ती के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष निर्धारित की गई है। उम्मीदवार का जन्म 2 अप्रैल 1996 से पहले और 1 अप्रैल 2005 के बाद नहीं होना चाहिए। आयु की गणना 1 अप्रैल 2026 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट भी मिलेगी। एससी और एसटी वर्ग को 5 वर्ष तथा ओबीसी वर्ग को 3 वर्ष की छूट प्रदान की जाएगी।
एसबीआई पीओ भर्ती में चयन तीन चरणों में होगा। पहले चरण में प्रारंभिक ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें अंग्रेजी भाषा, रीजनिंग एबिलिटी और क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। यह परीक्षा 100 अंकों की होगी और इसके लिए एक घंटे का समय मिलेगा।
दूसरे चरण में मुख्य परीक्षा होगी, जिसमें 200 अंकों की ऑनलाइन ऑब्जेक्टिव परीक्षा के साथ 30 अंकों का डिस्क्रिप्टिव टेस्ट भी शामिल होगा। इसके बाद तीसरे चरण में साइकोमेट्रिक टेस्ट, ग्रुप एक्सरसाइज और पर्सनल इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे। ग्रुप एक्सरसाइज 20 अंकों और इंटरव्यू 30 अंकों का होगा। प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा दोनों में प्रत्येक गलत उत्तर पर एक चौथाई अंक की नेगेटिव मार्किंग लागू रहेगी।
चयनित उम्मीदवारों को 48,480 रुपये का शुरुआती बेसिक पे मिलेगा, जिसमें चार एडवांस इंक्रीमेंट शामिल होंगे। इसके अलावा महंगाई भत्ता, मकान किराया भत्ता और अन्य भत्तों का लाभ भी मिलेगा। मुंबई जैसे केंद्रों पर शुरुआती अनुमानित वार्षिक सीटीसी लगभग 21.97 लाख रुपये होगी।
भर्ती में चयनित उम्मीदवारों को जॉइनिंग के समय तीन वर्ष की सेवा के लिए दो लाख रुपये का सर्विस बॉन्ड भी भरना होगा।
ये भी पढ़ें: IOB Apprentice Bharti 2026: 750 पदों पर निकली भर्ती, ग्रेजुएट्स के लिए बड़ी खुशखबरी
सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 750 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों से किसी प्रकार का आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 18 जून 2026 से शुरू हुई थी और आवेदन करने, आवेदन में संशोधन करने तथा ऑनलाइन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 8 जुलाई 2026 है। आवेदन पत्र का प्रिंट 23 जुलाई 2026 तक निकाला जा सकेगा।
आज ही पूरा करें आवेदन
जो उम्मीदवार एसबीआई में प्रोबेशनरी ऑफिसर बनने का सपना देख रहे हैं और अभी तक आवेदन नहीं कर पाए हैं, उनके लिए आज अंतिम अवसर है। अंतिम समय में तकनीकी समस्या से बचने के लिए उम्मीदवारों को बिना देरी किए अपना ऑनलाइन आवेदन पूरा कर लेना चाहिए।
विज्ञापन