विज्ञापन
दिल्ली पुलिस हेड कांस्टेबल रिजल्ट 2025 घोषित कर दिया गया है। SSC ने 6543 अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए चयनित किया है। जानें कैटेगरी वाइज कटऑफ, चयन प्रक्रिया और आगे की कार्रवाई।

कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने दिल्ली पुलिस हेड कांस्टेबल (असिस्टेंट वायरलेस ऑपरेटर/टेली-प्रिंटर ऑपरेटर) भर्ती परीक्षा 2025 का परिणाम घोषित कर दिया है। रिजल्ट जारी होने के साथ ही हजारों अभ्यर्थियों का इंतजार खत्म हो गया है। आयोग की ओर से जारी परिणाम के अनुसार कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीई) में सफल कुल 6543 अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण के लिए बुलाया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को अब शारीरिक दक्षता एवं माप परीक्षण, दस्तावेज सत्यापन और ट्रेड टेस्ट में शामिल होना होगा।
एसएससी द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, परीक्षा कई चरणों में आयोजित की गई थी। अलग-अलग शिफ्ट में परीक्षा होने के कारण उम्मीदवारों के अंकों का सामान्यीकरण किया गया। इसके बाद मेरिट सूची तैयार की गई और सफल अभ्यर्थियों का चयन किया गया।
ओपन श्रेणी में 2033 महिला और 3376 पुरुष अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए योग्य घोषित किया गया है। वहीं भूतपूर्व सैनिक वर्ग से 501 पुरुष उम्मीदवारों ने सफलता हासिल की है। विभागीय कोटे के तहत 213 महिला और 420 पुरुष अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए चुना गया है।
रिजल्ट के साथ आयोग ने विभिन्न श्रेणियों की कटऑफ भी जारी की है। पुरुष सामान्य वर्ग के लिए कटऑफ 79.21 अंक निर्धारित की गई है। ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए कटऑफ 78.50 अंक रही, जबकि ओबीसी वर्ग के लिए 77.42 अंक तय किए गए हैं। एससी वर्ग के लिए कटऑफ 70.95 अंक और एसटी वर्ग के लिए 67.24 अंक निर्धारित की गई है। महिला सामान्य वर्ग की कटऑफ 70.57 अंक रही है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि एनसीसी प्रमाणपत्र तथा आरआरयू डिग्री या डिप्लोमा रखने वाले अभ्यर्थियों को बोनस अंक अगले चरण में दस्तावेज सत्यापन के बाद प्रदान किए जाएंगे। ऐसे उम्मीदवारों के प्रमाणपत्रों की जांच के बाद ही बोनस अंकों का लाभ दिया जाएगा।
एसएससी ने बताया कि संदिग्ध गतिविधियों के कारण एक उम्मीदवार का परिणाम फिलहाल रोका गया है। इसके अलावा कथित कदाचार के आरोपों के चलते 60 अभ्यर्थियों के परिणाम संसाधित नहीं किए गए हैं। वहीं नियमों के उल्लंघन के मामलों में आठ उम्मीदवारों की उम्मीदवारी निरस्त कर उन्हें डिबार भी कर दिया गया है।
कंप्यूटर आधारित परीक्षा में सफल घोषित किए गए सभी उम्मीदवारों को अब शारीरिक दक्षता एवं माप परीक्षण, दस्तावेज सत्यापन और ट्रेड टेस्ट की प्रक्रिया से गुजरना होगा। इन चरणों में सफल रहने वाले अभ्यर्थियों को ही अंतिम चयन सूची में स्थान मिलेगा। उम्मीदवार भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी आगे की जानकारी और आधिकारिक अपडेट के लिए कर्मचारी चयन आयोग की ओर से जारी सूचनाओं पर नजर बनाए रखें।
विज्ञापन