विज्ञापन
SSC GD परीक्षा 2026 की तारीख में बड़ा बदलाव किया गया है। अब 28 मई की जगह 27 मई 2026 को परीक्षा आयोजित होगी। जानें SSC का नया नोटिस, एडमिट कार्ड अपडेट और परीक्षा से जुड़ी पूरी जानकारी।

कर्मचारी चयन आयोग यानी SSC ने एसएससी जीडी कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2026 को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। आयोग ने परीक्षा शेड्यूल में आंशिक बदलाव करते हुए 28 मई 2026 को होने वाली परीक्षा को अब 27 मई 2026 को आयोजित करने का फैसला लिया है। इस बदलाव के बाद लाखों अभ्यर्थियों के बीच नई परीक्षा तारीख को लेकर चर्चा तेज हो गई है। SSC द्वारा जारी आधिकारिक नोटिस में साफ कहा गया है कि सार्वजनिक छुट्टियों के कैलेंडर में बदलाव होने के कारण परीक्षा की तारीख बदली गई है।
दरअसल, कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग यानी DoP&T ने हाल ही में एक आधिकारिक कार्यालय ज्ञापन जारी किया था। इस नोटिस में ईद उल जुहा यानी बकरीद की सरकारी छुट्टी की तारीख में संशोधन किया गया। इसी बदलाव को ध्यान में रखते हुए SSC मुख्यालय ने परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव करने का निर्णय लिया। आयोग का कहना है कि कानून व्यवस्था और परिवहन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यह फैसला लिया गया है, ताकि परीक्षा केंद्रों पर किसी प्रकार की परेशानी न हो।
SSC GD कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2026 का आयोजन केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों यानी CAPFs, सचिवालय सुरक्षा बल यानी SSF और असम राइफल्स में राइफलमैन जीडी पदों के लिए किया जा रहा है। यह परीक्षा 27 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुकी है और 30 मई 2026 तक चलेगी। अब 28 मई की निर्धारित परीक्षा को 27 मई को आयोजित किया जाएगा।
परीक्षा तारीख में बदलाव के बाद उम्मीदवारों के लिए नए एडमिट कार्ड भी जारी किए जाएंगे। आयोग ने बताया है कि संशोधित परीक्षा तिथि वाले हॉल टिकट परीक्षा से 2 से 3 दिन पहले SSC की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए जाएंगे। अभ्यर्थी अपने लॉगिन क्रेडेंशियल की मदद से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।
SSC ने उम्मीदवारों से अपील की है कि वे नई परीक्षा तारीख को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा और परीक्षा की तैयारी की योजना बनाएं। आयोग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि परीक्षा प्रक्रिया बिना किसी अव्यवस्था के सफलतापूर्वक पूरी हो सके।
परीक्षा में अब बहुत कम समय बचा है, ऐसे में SSC ने उम्मीदवारों को सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और अनऑफिशियल जानकारी से बचने की सलाह दी है। आयोग ने कहा है कि छात्र केवल SSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी नोटिस और अपडेट पर ही भरोसा करें।
उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र, शिफ्ट टाइमिंग और एडमिट कार्ड से जुड़ी हर नई जानकारी के लिए नियमित रूप से SSC की आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहने की सलाह दी गई है। आयोग का कहना है कि किसी भी थर्ड पार्टी या फॉरवर्ड मैसेज पर भरोसा करने से बचें, ताकि गलत जानकारी के कारण किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
विज्ञापन