विज्ञापन
UP BEd JEE 2026 परीक्षा रविवार को आयोजित होगी। अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड के साथ दो फोटो और फोटोयुक्त पहचान पत्र लाना अनिवार्य है। जानें परीक्षा समय, एंट्री नियम, जरूरी दस्तावेज और सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जानकारी।

उत्तर प्रदेश के राज्य विश्वविद्यालयों से संबद्ध राजकीय, सहायता प्राप्त और निजी कॉलेजों में सत्र 2026-28 में बीएड पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए यूपी बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा (UP BEd JEE 2026) रविवार को आयोजित की जाएगी। परीक्षा को लेकर चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) मेरठ ने अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड के साथ फोटोयुक्त पहचान पत्र और अपनी दो पासपोर्ट साइज फोटो अनिवार्य रूप से साथ लानी होंगी। आवश्यक दस्तावेज नहीं होने पर अभ्यर्थियों को परीक्षा देने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
विश्वविद्यालय के अनुसार सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम एक घंटा पहले अपने निर्धारित परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा। यूपी बीएड प्रवेश परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा शुरू होने के 30 मिनट बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। ऐसे में उम्मीदवारों को समय से पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है।
बीएड प्रवेश परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों को प्रवेश पत्र की डाउनलोड की गई प्रति अपने साथ लानी होगी। इसके अलावा फोटोयुक्त पहचान पत्र भी अनिवार्य होगा। पहचान पत्र के रूप में आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट या वोटर आईडी कार्ड में से किसी एक दस्तावेज को मान्य माना जाएगा। अभ्यर्थियों को अपनी दो हालिया पासपोर्ट साइज फोटो भी साथ रखनी होंगी।
विश्वविद्यालय ने बताया है कि उम्मीदवारों को प्रवेश पत्र की एक फोटो लगी और हस्ताक्षरित प्रति भी साथ लानी होगी। यह प्रति परीक्षा कक्ष में कक्ष निरीक्षक को जमा करनी होगी। ध्यान रहे कि प्रवेश पत्र पर वही फोटो चस्पा की जाए जो ऑनलाइन आवेदन पत्र भरते समय अपलोड की गई थी।
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से संबद्ध छह जिलों में कुल 65 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 30 हजार 453 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। मेरठ जिले में 13 केंद्रों पर 6,343 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। सबसे अधिक 10,882 अभ्यर्थी गाजियाबाद के 22 केंद्रों पर परीक्षा देंगे, जबकि सबसे कम 1,452 अभ्यर्थी हापुड़ के तीन केंद्रों पर परीक्षा में शामिल होंगे।
परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शुक्रवार को सीसीएसयू परिसर में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में केंद्राध्यक्षों, सेक्टर मजिस्ट्रेट और पर्यवेक्षकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा सामग्री के वितरण, ओएमआर शीट पैकिंग और प्रश्न पुस्तिकाओं के वितरण सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई।
बीएड प्रवेश परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए मेरठ के 13 परीक्षा केंद्रों पर 26 पर्यवेक्षक और 13 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अलावा सात सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिसकर्मी भी परीक्षा केंद्रों की निगरानी करेंगे। परीक्षा के दौरान केंद्रों के आसपास स्थित सभी फोटोस्टेट मशीनें और साइबर कैफे बंद रखे जाएंगे।
इस बीच चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने बीएड फाइनल ईयर की मुख्य, बैक और एक्स परीक्षाओं की कुछ तिथियों में बदलाव किया है। विश्वविद्यालय के अनुसार बीएड फाइनल के 3 और 4 जून को होने वाले पेपर अब क्रमशः 11 और 12 जून को आयोजित किए जाएंगे। वहीं बीएड विशेष शिक्षा के 3, 4, 8 और 10 जून के पेपर अब 11, 12, 13 और 15 जून को होंगे।
विश्वविद्यालय ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर अन्य विषयों की परीक्षाओं और परीक्षार्थियों की अधिक संख्या को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। छात्रों को संशोधित कार्यक्रम के अनुसार ही परीक्षा में शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं। विश्वविद्यालय ने कॉलेजों को भी सभी विद्यार्थियों तक नई तिथियों की जानकारी पहुंचाने के लिए कहा है।
विज्ञापन