विज्ञापन
UP Homeguard Admit Card 2026 जारी हो गया है। 41,424 पदों की भर्ती परीक्षा के लिए उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। जानें परीक्षा तिथि, ड्रेस कोड, एग्जाम पैटर्न और जरूरी नियम।

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने यूपी होमगार्ड भर्ती परीक्षा 2026 के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। यह भर्ती 41,424 होमगार्ड स्वयंसेवकों के पदों पर की जा रही है। जिन अभ्यर्थियों की परीक्षा 25 अप्रैल 2026 को आयोजित होनी है, उनके एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जाकर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए अभ्यर्थियों को अपनी पंजीकरण संख्या और जन्मतिथि की जरूरत होगी। बोर्ड ने पहले ही परीक्षा तिथि और परीक्षा शहर की जानकारी जारी कर दी थी। अब चरणबद्ध तरीके से एडमिट कार्ड जारी किए जा रहे हैं।
भर्ती बोर्ड के अनुसार 26 अप्रैल 2026 को होने वाली परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड 23 अप्रैल 2026 को जारी किए जाएंगे। वहीं 27 अप्रैल 2026 की परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड 24 अप्रैल 2026 को जारी होंगे।
लिखित परीक्षा उत्तर प्रदेश के 74 जिलों के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा 25 अप्रैल, 26 अप्रैल और 27 अप्रैल 2026 को कराई जाएगी। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में होगी।
भर्ती बोर्ड ने परीक्षा केंद्र आवंटन में उम्मीदवारों की सुविधा का ध्यान रखा है। महिला अभ्यर्थियों को उनके गृह जनपद की रेंज के भीतर ही परीक्षा केंद्र दिए गए हैं। इससे उन्हें लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।
पुरुष उम्मीदवारों के लिए पड़ोसी जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, ताकि उन्हें बहुत दूर यात्रा न करनी पड़े।
भर्ती बोर्ड ने ड्रेस कोड को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं। उम्मीदवारों के धार्मिक प्रतीकों जैसे कलावा, मंगलसूत्र या तिलक को हटाने की जरूरत नहीं होगी। सुरक्षा जांच के दौरान इनके साथ कोई छेड़छाड़ नहीं की जाएगी।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा केंद्र पर जूते-मोजे की जगह चप्पल पहनकर आएं। इससे सुरक्षा जांच जल्दी पूरी होगी और समय की बचत होगी।
यूपी होमगार्ड भर्ती परीक्षा ऑफलाइन मोड में होगी। यह परीक्षा ओएमआर शीट पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी और इसमें सामान्य ज्ञान के 100 प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा की अवधि 2 घंटे निर्धारित की गई है।
भर्ती प्रक्रिया में आगे बढ़ने के लिए अभ्यर्थियों को कम से कम 25 प्रतिशत अंक लाना जरूरी होगा।
इस परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान नहीं रखा गया है। यानी गलत उत्तर देने पर अंक नहीं काटे जाएंगे। ऐसे में उम्मीदवार सभी प्रश्नों का उत्तर देने का प्रयास कर सकते हैं।
ओएमआर उत्तर पत्रक भरते समय केवल काला या नीला बॉल पेन का उपयोग करें। प्रश्न पुस्तिका क्रमांक और ओएमआर शीट क्रमांक समान होना चाहिए।
एक बार उत्तर भरने के बाद उसे बदला नहीं जा सकेगा। व्हाइटनर, रबर या ब्लेड का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है। ओएमआर शीट पर निर्धारित स्थान के अलावा कुछ भी लिखने से उत्तर पत्रक अमान्य किया जा सकता है।
लिखित परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों को शारीरिक दक्षता परीक्षा भी देनी होगी।
होमगार्ड स्वयंसेवकों को ड्यूटी करने पर प्रतिदिन 600 रुपये का भत्ता दिया जाता है। इसके अलावा समय-समय पर महंगाई भत्ता भी मिलता है। यदि कोई स्वयंसेवक महीने में 30 दिन ड्यूटी करता है, तो उसे कुल मिलाकर लगभग 28 हजार रुपये तक राशि मिल सकती है।
उम्मीदवार परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचें। एडमिट कार्ड, वैध पहचान पत्र और जरूरी दस्तावेज साथ लेकर जाएं। परीक्षा से पहले सभी दिशा-निर्देश ध्यान से पढ़ लें, ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो।
विज्ञापन