उत्तर प्रदेश में 23,899 शिक्षक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। टीजीटी, पीजीटी, सहायक अध्यापक, प्रधानाध्यापक और प्रधानाचार्य के रिक्त पदों का अधियाचन यूपी शिक्षा सेवा चयन आयोग को भेज दिया गया है। जानिए पूरी जानकारी।

उत्तर प्रदेश में सरकारी शिक्षक बनने का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। राज्य के सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों और उनसे संबद्ध प्राथमिक विद्यालयों में कुल 23,899 पदों पर शिक्षक भर्ती की प्रक्रिया जल्द शुरू होने जा रही है। शिक्षा निदेशालय ने प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी), प्रवक्ता (पीजीटी) और संबद्ध प्राथमिक विद्यालयों के सहायक अध्यापकों के कुल 21,252 रिक्त पदों का अधियाचन उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (यूपीईएसएससी) को भेज दिया है। इससे पहले प्रधानाध्यापक और प्रधानाचार्य के रिक्त पदों का अधियाचन भी आयोग को भेजा जा चुका है। अब सभी रिक्त पदों की सूचना आयोग के पास पहुंच चुकी है, जिसके बाद भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है।
शिक्षा निदेशालय द्वारा भेजे गए अधियाचन के अनुसार सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) के 17,740 पद, प्रवक्ता (पीजीटी) के 2,615 पद और संबद्ध प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापकों के 897 पद रिक्त हैं। इस तरह इन तीनों श्रेणियों में कुल 21,252 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने की तैयारी है।
इसके अलावा शिक्षा निदेशालय पहले ही सहायता प्राप्त हाईस्कूलों में प्रधानाध्यापक के 1,172 पद और इंटर कॉलेजों में प्रधानाचार्य के 1,475 पदों का अधियाचन भी उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को भेज चुका है। इन सभी पदों को मिलाकर कुल 23,899 रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया प्रस्तावित है।
शिक्षा निदेशालय से अधियाचन मिलने के बाद अब उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग रिक्त पदों का परीक्षण करेगा। पदों के सत्यापन और परीक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आयोग की ओर से भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन जारी किया जाएगा। फिलहाल विज्ञापन जारी होने की तारीख घोषित नहीं की गई है, लेकिन अधियाचन मिलने के बाद भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया है।
प्रदेश के 4,512 सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों और उनसे संबद्ध प्राथमिक विद्यालयों में रिक्त पदों की जानकारी अब आयोग के पास उपलब्ध है। ऐसे में आयोग आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद भर्ती से संबंधित अगली कार्रवाई करेगा। भर्ती का विज्ञापन जारी होने के बाद पात्र अभ्यर्थी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर सकेंगे।
सरकारी शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह एक महत्वपूर्ण अपडेट माना जा रहा है। लंबे समय से नई भर्ती का इंतजार कर रहे टीजीटी, पीजीटी और अन्य पदों के अभ्यर्थियों की नजर अब उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से जारी होने वाले आधिकारिक विज्ञापन पर रहेगी।
विज्ञापन