उत्तर प्रदेश में सहायक अध्यापक भर्ती को लेकर एक ऐसा अपडेट आया है, जिससे लंबे समय से आवेदन के इंतजार में बैठे अभ्यर्थियों को नई उम्मीद मिली है। आयोग ने हाईकोर्ट के आदेश के बाद आवेदन प्रक्रिया में बदलाव किया है। जानिए किन शिक्षकों को मिलेगा मौका और कब तक पूरी करनी होगी प्रक्रिया।

यूपी शिक्षक भर्ती में बड़ा बदलाव, NIOS से D.El.Ed करने वाले शिक्षकों के लिए खुला पोर्टल,
UP News : उत्तर प्रदेश में सहायक अध्यापक भर्ती का इंतजार कर रहे सेवारत शिक्षकों के लिए बड़ी खबर है। NIOS से 18 महीने का D.El.Ed.-ODL कोर्स पास करने वाले शिक्षकों को भी अब सहायक अध्यापक भर्ती में आवेदन का अंतरिम मौका मिलेगा। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के बाद भर्ती का ऑनलाइन आवेदन पोर्टल दोबारा खोल दिया है। पात्र शिक्षक 11 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। वहीं, आवेदन में गलती सुधारने के लिए 13 नवंबर तक का समय दिया गया है। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने 6 नवंबर को इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि यह फैसला हाईकोर्ट के 5 नवंबर 2026 के आदेश के अनुपालन में लिया गया है। यह व्यवस्था विज्ञापन संख्या 05/2026 के तहत निकाली गई सहायक अध्यापक भर्ती के लिए लागू होगी। इसमें बेसिक शिक्षा विभाग के सहायक अध्यापक (नगरीय) और माध्यमिक शिक्षा विभाग के अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में सम्बद्ध प्राइमरी सहायक अध्यापक के पद शामिल हैं।
दरअसल, NIOS से 18 महीने का D.El.Ed. करने वाले सेवारत शिक्षकों को भर्ती प्रक्रिया में आवेदन का अवसर देने को लेकर हाईकोर्ट में रिट याचिका संख्या 11920/2026 दाखिल की गई थी। यह याचिका अभिषेक पाठक और 44 अन्य की ओर से दाखिल की गई थी। 5 नवंबर 2026 को पारित न्यायालय के आदेश के अनुपालन में आयोग ने इन शिक्षकों को अंतरिम रूप से आवेदन की अनुमति दी है। आयोग अध्यक्ष के मुताबिक, अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए ऑनलाइन आवेदन पोर्टल 6 नवंबर 2026 से फिर सक्रिय कर दिया गया है।
आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि इस अवसर का लाभ उन्हीं सेवारत शिक्षकों को मिलेगा, जो निर्धारित शर्तें पूरी करते हैं।
ऐसे पात्र शिक्षक आयोग के ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर अपना आवेदन सबमिट कर सकते हैं।
आयोग ने आवेदन के लिए समयसीमा भी निर्धारित कर दी है। पात्र अभ्यर्थी 11 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा करके अपना आवेदन अंतिम रूप से सबमिट कर सकते हैं। इसके बाद आवेदन में किसी भी प्रकार की त्रुटि सुधारने के लिए 13 नवंबर 2026 तक संशोधन का अवसर मिलेगा। इसलिए पात्र अभ्यर्थियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।
विज्ञापन संख्या 05/2026 के तहत सहायक अध्यापक पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 3 और 4 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। आयोग अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शुचितापूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी तैयारियां की जा रही हैं।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि NIOS से 18 महीने का D.El.Ed.-ODL करने वाले जिन शिक्षकों को अंतरिम रूप से आवेदन की अनुमति दी गई है, उनका अभ्यर्थन हाईकोर्ट में लंबित संबंधित रिट याचिका के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा। इसका मतलब है कि आवेदन स्वीकार किए जाने मात्र से अभ्यर्थियों की अंतिम पात्रता सुनिश्चित नहीं मानी जाएगी। इस संबंध में न्यायालय के अंतिम आदेश का पालन किया जाएगा।
विज्ञापन