यूपीएसएसएससी ने फॉरेंसिक साइंस लैब में 208 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। जानें आवेदन तिथि, योग्यता, आयु सीमा, सैलरी, चयन प्रक्रिया और आवेदन का पूरा तरीका।

उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी विभाग में साइंटिफिक असिस्टेंट और लेबोरेटरी असिस्टेंट के कुल 208 पदों पर भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 27 जुलाई 2026 से शुरू होगी। जिन अभ्यर्थियों ने UPSSSC PET 2025 परीक्षा पास की है और संबंधित विषय से स्नातक की डिग्री हासिल की है, उनके लिए यह सरकारी नौकरी पाने का अच्छा अवसर माना जा रहा है।
इस भर्ती अभियान के तहत फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी, लखनऊ में कुल 208 रिक्त पदों को भरा जाएगा। इनमें 147 पद साइंटिफिक असिस्टेंट के लिए निर्धारित किए गए हैं, जबकि 61 पद लेबोरेटरी असिस्टेंट के लिए हैं। साइंटिफिक असिस्टेंट पद पर चयनित उम्मीदवारों को पे लेवल 6 के तहत 35,400 रुपये से 1,12,400 रुपये तक वेतन मिलेगा। वहीं लेबोरेटरी असिस्टेंट पद पर चयन होने वाले अभ्यर्थियों को पे लेवल 4 के अनुसार 25,500 रुपये से 81,100 रुपये तक वेतन दिया जाएगा।
इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 27 जुलाई 2026 से शुरू होंगे। आवेदन करने और शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 17 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। यदि किसी अभ्यर्थी को आवेदन पत्र में कोई संशोधन करना हो तो वह 24 अगस्त 2026 तक अपने आवेदन में बदलाव कर सकता है। इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी का UPSSSC PET 2025 में शामिल होना और उसके पास वैध स्कोरकार्ड होना अनिवार्य है। मुख्य परीक्षा के लिए उम्मीदवारों की शॉर्टलिस्टिंग PET 2025 के अंकों के आधार पर की जाएगी। शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो संबंधित पद और विषय के अनुसार उम्मीदवार के पास फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजिकल साइंस जैसे बॉटनी, जूलॉजी और बायोटेक्नोलॉजी अथवा फॉरेंसिक साइंस में बीएससी की डिग्री होनी चाहिए। कंप्यूटर से जुड़े पदों के लिए बीएससी कंप्यूटर साइंस, बीटेक या एनआईईएलआईटी का ए लेवल डिप्लोमा रखने वाले उम्मीदवार भी आवेदन करने के पात्र होंगे।
आयोग की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार 1 जुलाई 2026 तक उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष होनी चाहिए। उत्तर प्रदेश के आरक्षित वर्गों के अभ्यर्थियों को राज्य सरकार के नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष तक की छूट मिलेगी। आवेदन शुल्क सभी श्रेणियों के उम्मीदवारों के लिए केवल 25 रुपये निर्धारित किया गया है।
इस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन मुख्य लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। मुख्य परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी। इसमें फॉरेंसिक साइंस और संबंधित विषयों के साथ कंप्यूटर टेक्नोलॉजी तथा उत्तर प्रदेश के सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। अंतिम चयन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा।
इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 27 जुलाई 2026 से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करने के लिए अभ्यर्थियों को अपने PET 2025 रजिस्ट्रेशन नंबर और ओटीपी की मदद से लॉगिन करना होगा। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उम्मीदवारों को अपने भरे हुए आवेदन पत्र का प्रिंटआउट सुरक्षित रख लेना चाहिए, ताकि भविष्य में जरूरत पड़ने पर उसका उपयोग किया जा सके।
विज्ञापन