विज्ञापन
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने टेक्निकल असिस्टेंट ग्रुप-सी भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के जरिए कुल 2759 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।

उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लंबे समय से नई भर्ती का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए अब शानदार मौका आ गया है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (Uttar Pradesh Subordinate Services Selection Commission) ने टेक्निकल असिस्टेंट ग्रुप-सी भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के जरिए कुल 2759 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। खास बात यह है कि इसमें वही उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे जिनके पास UPSSSC PET 2025 का स्कोरकार्ड होगा। ऐसे में कृषि और इससे जुड़े विषयों में पढ़ाई कर चुके युवाओं के लिए यह एक बड़ा अवसर माना जा रहा है।
भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन 24 मार्च को जारी कर दिया गया था लेकिन ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 22 मई से शुरू हुई है। इच्छुक उम्मीदवार तय तारीख के भीतर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तारीख 11 जून रखी गई है। इसी दिन तक उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क भी जमा करना होगा। अगर आवेदन फॉर्म भरते समय किसी तरह की गलती हो जाती है तो उम्मीदवारों को सुधार का मौका भी मिलेगा। फॉर्म में करेक्शन की आखिरी तारीख 18 जून तय की गई है।
इस भर्ती में अलग-अलग वर्गों के उम्मीदवारों के लिए सीटों का बंटवारा भी तय किया गया है। सामान्य वर्ग के लिए सबसे ज्यादा पद रखे गए हैं। वहीं ओबीसी, एससी, एसटी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए भी अलग-अलग सीटें निर्धारित की गई हैं। भर्ती के तहत सामान्य वर्ग के लिए 1107 पद, ओबीसी वर्ग के लिए 745 पद, एससी वर्ग के लिए 579 पद, एसटी वर्ग के लिए 55 पद और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 273 पद तय किए गए हैं।
इन पदों पर आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास कृषि में ग्रेजुएशन की डिग्री होना जरूरी है। इसके अलावा बागवानी, वानिकी, कृषि इंजीनियरिंग या होम साइंस में चार साल की डिग्री रखने वाले उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं। सबसे जरूरी बात यह है कि उम्मीदवार के पास UPSSSC PET 2025 का वैध स्कोरकार्ड होना अनिवार्य है। बिना PET स्कोरकार्ड के आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
भर्ती के लिए आवेदन शुल्क काफी कम रखा गया है। सभी वर्गों के उम्मीदवारों को केवल 25 रुपये फीस के रूप में जमा करने होंगे। आयु सीमा की बात करें तो भर्ती के लिए न्यूनतम उम्र 21 साल और अधिकतम उम्र 40 साल तय की गई है।
भर्ती प्रक्रिया को कई चरणों में पूरा किया जाएगा। सबसे पहले उम्मीदवारों को PET 2025 स्कोर के आधार पर शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। इसके बाद चयनित उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा। लिखित परीक्षा में सफल होने वाले उम्मीदवारों का डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन किया जाएगा। इसके बाद अंतिम मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी।
विज्ञापन