विज्ञापन
भारत सरकार की कंपनी WAPCOS Limited ने 137 पदों पर भर्ती निकाली है। फील्ड इंजीनियर और फील्ड सुपरवाइजर पदों के लिए बिना फीस आवेदन मांगे गए हैं। जानें योग्यता, सैलरी, चयन प्रक्रिया और आवेदन की पूरी जानकारी।

भारत सरकार के अधीन काम करने वाली कंपनी WAPCOS Limited ने युवाओं के लिए नौकरी का शानदार मौका दिया है। कंपनी ने फील्ड इंजीनियर और फील्ड सुपरवाइजर के कुल 137 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती की सबसे खास बात यह है कि उम्मीदवारों को आवेदन के लिए किसी भी प्रकार की फीस नहीं देनी होगी। इसके साथ ही चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति देश के अलग-अलग राज्यों के अलावा जरूरत पड़ने पर विदेश में भी की जा सकती है। ऐसे में इंजीनियरिंग और तकनीकी क्षेत्र में अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों के लिए यह भर्ती बेहद खास मानी जा रही है।
WAPCOS Limited की ओर से जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक कुल 137 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें 91 पद फील्ड सुपरवाइजर के लिए और 46 पद फील्ड इंजीनियर के लिए निर्धारित किए गए हैं। कंपनी ने साफ किया है कि ये नियुक्तियां प्रोजेक्ट आधारित और अस्थायी होंगी, लेकिन उम्मीदवारों को बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम करने का अवसर मिलेगा।
फील्ड सुपरवाइजर पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंस्ट्रूमेंटेशन, कंप्यूटर साइंस या आईटी विषय में डिग्री या डिप्लोमा होना जरूरी है। डिग्री धारकों के लिए कम से कम दो साल का अनुभव मांगा गया है, जबकि डिप्लोमा रखने वाले उम्मीदवारों के पास चार साल का कार्य अनुभव होना चाहिए।
फील्ड इंजीनियर पद के लिए उम्मीदवारों के पास इलेक्ट्रिकल या इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में डिग्री या डिप्लोमा होना अनिवार्य है। डिग्री धारकों को कम से कम तीन साल और डिप्लोमा धारकों को छह साल का अनुभव होना जरूरी होगा। कंपनी अनुभवी उम्मीदवारों को प्राथमिकता दे सकती है।
WAPCOS Limited ने बताया है कि चयनित उम्मीदवारों को उनकी योग्यता और अनुभव के आधार पर वेतन दिया जाएगा। अलग-अलग अनुभव वाले उम्मीदवारों का वेतन अलग हो सकता है। हालांकि कंपनी की ओर से सैलरी का निश्चित आंकड़ा जारी नहीं किया गया है।
यह भर्ती हरियाणा, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, पुडुचेरी, मध्य प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और नगालैंड में चल रही परियोजनाओं के लिए की जा रही है। कंपनी ने यह भी साफ किया है कि जरूरत पड़ने पर उम्मीदवारों की तैनाती देश या विदेश में कहीं भी की जा सकती है। यही वजह है कि इस भर्ती को युवाओं के लिए बड़ा अवसर माना जा रहा है।
इस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा। इंटरव्यू की तारीख, समय और स्थान की जानकारी उम्मीदवारों को ईमेल और कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से दी जाएगी। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि इंटरव्यू में शामिल होने के लिए किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा।
आवेदन करते समय उम्मीदवारों को अपनी 10वीं की मार्कशीट या जन्मतिथि प्रमाण पत्र, सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्र, अनुभव प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, दिव्यांग प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेजों की स्कैन कॉपी तैयार रखनी होगी।
उम्मीदवारों को आवेदन के लिए सबसे पहले WAPCOS Limited की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। वहां Careers सेक्शन में जाकर Current Advertisements के विकल्प पर क्लिक करना होगा। इसके बाद “Hiring of experts on Project term basis for work relating to the various Projects under RDSS” वाले विज्ञापन को खोलकर पूरी जानकारी ध्यान से पढ़नी होगी।
इसके बाद उम्मीदवारों को CV Format डाउनलोड कर आवेदन पत्र भरना होगा और जरूरी दस्तावेजों की स्कैन कॉपी के साथ तय ईमेल आईडी पर भेजना होगा। आवेदन केवल ईमेल के जरिए स्वीकार किए जाएंगे।
इस भर्ती के लिए उम्मीदवार 26 मई 2026 तक आवेदन भेज सकते हैं। आवेदन rdss@wapcos.co.in ईमेल आईडी पर भेजना होगा। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
विज्ञापन